रक्षाबंधन को आमतौर पर भाई-बहन के प्रेम और रक्षा के संकल्प का त्योहार माना जाता है, लेकिन भारत की सांस्कृतिक विविधता इस पर्व को कई अलग-अलग रंग देती है। अलग-अलग समाजों और क्षेत्रों में राखी बांधने की परंपराएं केवल भाई की कलाई तक सीमित नहीं हैं। कहीं तिजोरी और बही-खातों की पूजा होती है, कहीं कलम और शस्त्रों को राखी बांधी जाती है, तो कहीं कृषि उपकरणों का पूजन कर समृद्धि की कामना की जाती है। यही विविधता रक्षाबंधन को सिर्फ एक पारिवारिक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय लोक-संस्कृति का उत्सव बनाती है।
भाई की कलाई ही नहीं…यहां तिजोरी, कलम और हल को भी बांधी जाती है राखी
रक्षाबंधन पर अलग-अलग समाजों की जानें अनूठी परंपराएं, कहीं शस्त्र पूजन तो कहीं कृषि उपकरणों की पूजा
भाई की कलाई ही नहीं, तिजोरी, कलम और हल को भी बांधती है राखी
रक्षाबंधन पर अलग-अलग समाजों की अनूठी परंपराएं, कहीं शस्त्र पूजन तो कहीं कृषि उपकरणों की पूजा
अग्रवाल समाज में तिजोरी और बही-खातों का सम्मान
अग्रवाल समाज में रक्षाबंधन के अवसर पर कुलदेवी मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व है। परंपरा के अनुसार पूजा के बाद बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं। साथ ही तिजोरी और बही-खातों की भी पूजा की जाती है। इसका संदेश केवल धन की समृद्धि नहीं, बल्कि व्यापार में ईमानदारी और परिवार की खुशहाली से भी जुड़ा है।
कायस्थ समाज में कलम और चित्रगुप्त की पूजा
कायस्थ समाज में रक्षाबंधन का संबंध लेखन और ज्ञान की परंपरा से भी जुड़ जाता है। इस दिन भगवान गणेश और कुलदेवता चित्रगुप्त का पूजन किया जाता है। कलम-दवात की पूजा के बाद राखी अर्पित करने की परंपरा है। यह परंपरा ज्ञान, लेखन और कर्म के प्रति सम्मान को दर्शाती है।
राजपूत समाज में शस्त्रों को राखी
राजपूत समाज की परंपरा में रक्षाबंधन का स्वरूप और भी अलग दिखाई देता है। कई घरों में कुलदेवी, बंदूक और तलवार की पूजा कर उन्हें राखी अर्पित की जाती है। बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और रक्षा की कामना करती है। यहां शस्त्र केवल हथियार नहीं, बल्कि साहस, सुरक्षा और परंपरा के प्रतीक माने जाते हैं।
नागदेव से लेकर कृषि उपकरणों तक
कुछ समुदायों में इस दिन नागदेव की पूजा कर उन्हें राखी अर्पित करने की परंपरा है। वहीं कृषि प्रधान समाजों में खेती-किसानी से जुड़े उपकरणों की पूजा की जाती है। हल, कृषि यंत्र और अन्य उपकरणों को राखी बांधकर अच्छी फसल और समृद्धि की कामना की जाती है। यह परंपरा बताती है कि ग्रामीण जीवन में खेती के साधनों को भी परिवार के सदस्य जैसी अहमियत दी जाती है।
नदियों में नारियल अर्पण की परंपरा
रक्षाबंधन के दिन कुछ क्षेत्रों में नदी और समुद्र की पूजा कर नारियल अर्पित करने की परंपरा भी है। महाराष्ट्र में यह पर्व नारियल पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। वहीं कई समुदाय अपने ग्रामदेवता और कुलदेवता का पूजन करते हैं। इस तरह एक ही पर्व अलग-अलग क्षेत्रों में प्रकृति, देवता, ज्ञान, व्यापार, कृषि और सुरक्षा से जुड़ जाता है।
दरअसल, रक्षाबंधन की असली खूबसूरती इसकी विविधता में है। राखी की एक डोर कहीं भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करती है तो कहीं यह धन, ज्ञान, शौर्य, कृषि और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक बन जाती है। यही वजह है कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर बंधने वाली राखी नहीं, बल्कि भारत की विविध लोक परंपराओं को जोड़ने वाली सांस्कृतिक डोर भी है।