खरगे के ‘खुशियों की ईद’ वाले बयान पर सियासी घमासान..बीजेपी का तीखा पलटवार,,कांग्रेस ने दी सफाई

Political uproar over Kharge Eid of happiness remark

दीपावली का त्योहार, खुशियों और भाईचारे का संदेश। लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की एक टिप्पणी ने इस त्योहार पर भी सियासत गरमा दी है। खरगे ने दीपावली को कई दिनों तक चलने वाली ‘खुशियों की ईद’ बताया, तो बीजेपी ने इसे सनातन संस्कृति का अपमान और तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया। वहीं कांग्रेस का कहना है कि खरगे का मकसद सिर्फ प्रेम, शांति और मेल-मिलाप का संदेश देना था। सवाल है कि क्या त्योहारों के संदेश भी अब सियासी चश्मे से देखे जाएंगे?

खुशियों की ईद पर बवाल

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह हिंदुस्तान का बड़ा त्योहार है, जिसे सभी लोग मनाते हैं। उन्होंने दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताते हुए कहा कि यह कई दिनों तक चलने वाला त्योहार है। लोगों को सुख-शांति से रहने और अपनों से मिलने का अवसर देता है। खरगे के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस छिड़ गई।

बीजेपी का तीखा पलटवार

खरगे की टिप्पणी पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि दीपावली जैसे अवसर पर भी कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी। उन्होंने खरगे के बयान को कांग्रेस की कथित सनातन-विरोधी सोच से जोड़ते हुए सोनिया गांधी और कांग्रेस के पुराने बयानों का भी जिक्र किया। बीजेपी का कहना है कि दीपावली की अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है, उसे किसी दूसरे त्योहार से जोड़कर पेश करना उचित नहीं है।

विहिप ने भी जताई नाराजगी

विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी खरगे के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उनका आरोप है कि इस टिप्पणी से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। बीजेपी और विहिप के विरोध ने इस बयान को राजनीतिक विवाद का रूप दे दिया है।

कांग्रेस ने दी सफाई

वहीं कांग्रेस की ओर से खरगे के बयान का बचाव किया जा रहा है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी का कहना है कि खरगे का उद्देश्य किसी त्योहार की तुलना करना या उसकी धार्मिक पहचान को कमतर दिखाना नहीं था। उनका मकसद खुशी, भाईचारे, शांति और मेल-मिलाप का संदेश देना था। यानी कांग्रेस इसे सद्भावना का संदेश बता रही है, जबकि बीजेपी इसे तुष्टिकरण की राजनीति से जोड़ रही है।

त्योहारों पर सियासत का सवाल

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के ‘नफरत फैलाना हिंदुत्व है’ वाले बयान को लेकर भी राजनीतिक बहस जारी है। अब खरगे की टिप्पणी ने बीजेपी को कांग्रेस पर हमला करने का एक और मौका दे दिया है। एक तरफ बीजेपी सनातन संस्कृति के सम्मान का सवाल उठा रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस अपने बयान को सामाजिक सौहार्द की भावना से जोड़ रही है।

दीपावली का संदेश अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का है। लेकिन इस बार त्योहार की शुभकामनाओं के बीच सियासी बयानबाजी ने नई बहस छेड़ दी है। सवाल सिर्फ खरगे के शब्दों का नहीं, बल्कि उस राजनीतिक सोच का भी है, जिसमें हर सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के मायने तलाशे जाने लगे हैं। अब देखना होगा कि यह विवाद यहीं थमता है या आने वाले दिनों में सियासत की नई चिंगारी बनता है।

Exit mobile version