दलित वोट बैंक पर सियासी संग्राम… क्या बदल रहा है यूपी का चुनावी गणित?…मायावती की पकड़ या नई राजनीति का उभार… दलित वोटों पर सभी दलों की नजर

Political battle over the Dalit vote bank Is UP electoral arithmetic shifting

मायावती की पकड़ या नई राजनीति का उभार… दलित वोटों पर सभी दलों की नजर

उत्तर प्रदेश की सियासत में दलित वोट बैंक एक बार फिर केंद्र में आ गया है… विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश की सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियां दलित समाज को साधने की रणनीति में जुट गई हैं। कभी बहुजन समाज पार्टी का मजबूत आधार रहा दलित वोट बैंक अब नए राजनीतिक समीकरणों और नेतृत्व के विकल्पों के कारण चर्चा में है। सवाल यही है कि क्या यूपी में दलित समाज का वोटिंग पैटर्न बदल रहा है या फिर पुरानी राजनीतिक पकड़ अब भी कायम है?

उत्तर प्रदेश में दलित आबादी राज्य की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाती है। यही वजह है कि हर चुनाव में दलित वोटरों को लेकर रणनीति बनाई जाती है। एक दौर था जब बहुजन समाज पार्टी और मायावती को दलित राजनीति का सबसे बड़ा चेहरा माना जाता था। जाटव समुदाय में मायावती की मजबूत पकड़ ने बीएसपी को कई बार सत्ता तक पहुंचाया। लेकिन पिछले कुछ चुनावों में बीएसपी के कमजोर प्रदर्शन के बाद राजनीतिक दलों ने दलित वोटों में सेंध लगाने की कोशिश तेज कर दी है।

मायावती अब भी दलित राजनीति का बड़ा चेहरा

हालांकि चुनावी प्रदर्शन में गिरावट के बावजूद मायावती की राजनीतिक अहमियत खत्म नहीं हुई है। दलित समाज के बड़े हिस्से में आज भी उन्हें एक मजबूत प्रतिनिधि के तौर पर देखा जाता है। यही कारण है कि भाजपा, समाजवादी पार्टी और अन्य दल समय-समय पर दलित मुद्दों को लेकर मायावती की राजनीति का मुकाबला करने की कोशिश करते नजर आते हैं।

मायावती की राजनीति हमेशा सामाजिक सम्मान, सुरक्षा और प्रतिनिधित्व के मुद्दों पर केंद्रित रही है। बीएसपी का दावा है कि दलित समाज के अधिकारों की सबसे मजबूत आवाज उनकी पार्टी ही उठाती रही है। वहीं विरोधी दल आरोप लगाते हैं कि बीएसपी अब पहले जैसी राजनीतिक ताकत नहीं रही।

चंद्रशेखर आजाद की नई चुनौती

दलित राजनीति में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद का उभार भी एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। युवाओं और आंदोलनकारी राजनीति के जरिए उन्होंने दलित समाज के एक वर्ग में अपनी पहचान बनाई है।

मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या के मामले को लेकर मायावती और चंद्रशेखर आजाद के बीच बयानबाजी ने दलित राजनीति के भीतर की प्रतिस्पर्धा को उजागर कर दिया। मायावती ने जहां कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की, वहीं चंद्रशेखर आजाद ने सड़क पर संघर्ष को जरूरी बताया।

इस विवाद ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या दलित समाज अब नए नेतृत्व और आक्रामक राजनीतिक शैली की ओर बढ़ रहा है?

दलित वोटों में उपजातियों का गणित

उत्तर प्रदेश की राजनीति केवल दलित बनाम गैर-दलित के समीकरण तक सीमित नहीं है। दलित समाज के भीतर भी कई उपजातियां हैं और हर चुनाव में इनका अलग-अलग प्रभाव देखने को मिलता है। जाटव, पासी, कोरी, वाल्मीकि और अन्य दलित समुदायों के अपने क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरण हैं। राजनीतिक दल अब केवल पूरे दलित वोट बैंक को एक इकाई मानकर नहीं चल रहे, बल्कि अलग-अलग समुदायों तक पहुंच बनाने की रणनीति बना रहे हैं। भाजपा ने पिछले कुछ वर्षों में गैर-जाटव दलित समुदायों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है। वहीं समाजवादी पार्टी भी दलित-पिछड़ा गठजोड़ को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। दूसरी तरफ बीएसपी अपने पारंपरिक वोट बैंक को बचाने की चुनौती से जूझ रही है।

हर दल के लिए क्यों महत्वपूर्ण है दलित वोट?

उत्तर प्रदेश में चुनावी जीत के लिए जातीय समीकरण बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। यहां टिकट वितरण से लेकर संगठन में जिम्मेदारी देने तक जातीय संतुलन का ध्यान रखा जाता है। दलित वोट बैंक करीब हर विधानसभा सीट पर चुनावी समीकरण बदलने की क्षमता रखता है। यही वजह है कि दलित समाज से जुड़े मुद्दे जैसे आरक्षण, अत्याचार, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सम्मान चुनावी बहस का हिस्सा बन जाते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दलित समाज अब केवल एक पार्टी के साथ स्थायी रूप से नहीं जुड़ा है। युवा मतदाता रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा और स्थानीय मुद्दों को भी महत्व दे रहा है। यही बदलाव राजनीतिक दलों के लिए नई चुनौती बन रहा है।

चुनाव में किस करवट बैठेगा दलित वोट?

आने वाले विधानसभा चुनाव में दलित वोट बैंक की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है। बीएसपी अपनी पुरानी पकड़ वापस पाने की कोशिश करेगी, जबकि भाजपा और सपा दलित समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाने में जुटी हैं। वहीं चंद्रशेखर आजाद जैसे नए चेहरे दलित राजनीति में नई जगह बनाने का प्रयास कर रहे हैं। अब बड़ा सवाल यही है कि दलित मतदाता पुराने भरोसे के साथ आगे बढ़ेगा या नई राजनीतिक संभावनाओं को मौका देगा। उत्तर प्रदेश की सत्ता का रास्ता तय करने में दलित वोटों की दिशा एक बार फिर निर्णायक साबित हो सकती है। चुनावी मैदान में उतरने से पहले हर राजनीतिक दल इसी गणित को साधने में जुटा है।

Exit mobile version