टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में जगह बनाते ही श्रीलंका की टीम को करारा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में स्टार तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए। मैच के दौरान एक ओवर अधूरा छोड़कर वे लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे। अब श्रीलंका से आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक यह पेसर कम से कम तीन हफ्तों तक क्रिकेट से दूर रह सकता है। श्रीलंकाई पत्रकारों के अनुसार, बोर्ड फिलहाल पथिराना की स्कैन रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, लेकिन शुरुआती आकलन में उनकी वापसी जल्दी संभव नहीं दिख रही। ऐसे में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाकी मुकाबलों में उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। रिप्लेसमेंट के तौर पर बिनुरा फर्नांडो या दिलशान मधुशंका के नामों पर विचार हो रहा है, जबकि अन्य विकल्पों में नुवान तुषारा और मिलन रथनायके शामिल हैं। अंतिम फैसला आईसीसी टेक्निकल कमेटी की मंजूरी के बाद लिया जाएगा। पथिराना की चोट का असर सिर्फ श्रीलंका तक सीमित नहीं है। उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को भी बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है। केकेआर ने उन्हें आईपीएल नीलामी में 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। चोटों की पुरानी हिस्ट्री को देखते हुए उनके आईपीएल 2026 से भी बाहर होने की आशंका जताई जा रही है।




