संसद में आज से शुरू ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा, कांग्रेस की ओर से खड़गे रखेंगे पक्ष
राज्यसभा में मंगलवार से ऑपरेशन सिंदूर पर 16 घंटे की बड़ी बहस शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस बहस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी इस बहस में शामिल होने की संभावना है। विपक्ष की तरफ से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस चर्चा की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस को चर्चा के लिए करीब 2 घंटे का समय दिया गया है।
सोमवार को राज्यसभा में हलचल, नए सांसदों ने ली शपथ
सोमवार को AIADMK के नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद आई.एस. इनबदुरई और एम. धनपाल ने शपथ ली। हालांकि इसके बाद सदन में हंगामा हुआ और कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और फिर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
ऑपरेशन सिंदूर रुका नहीं, सिर्फ टला है: राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने संसद में बताया कि भारत ने सैन्य कार्रवाई में 100 से ज्यादा आतंकियों और उनके हैंडलर्स को मार गिराया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी बंद नहीं हुआ है, सिर्फ स्थगित किया गया है। आने वाले समय में पाकिस्तान की किसी भी नापाक हरकत का जवाब इसी ऑपरेशन के तहत दिया जाएगा।
भारत ने लिया निर्णायक एक्शन: एस. जयशंकर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने तत्काल और निर्णायक कदम उठाए। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें 5 अहम फैसले लिए गए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत की कार्रवाई केवल शुरुआती कदम थे, असली जवाब इसके आगे भी जारी रहेगा।
ट्रंप के दावे को जयशंकर ने किया खारिज
लोकसभा में बोलते हुए जयशंकर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को खारिज किया जिसमें उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच किसी मध्यस्थता की बात कही थी। जयशंकर ने साफ कहा कि भारत अपने हितों की रक्षा खुद करता है और किसी तीसरे पक्ष की जरूरत नहीं है।
संतुलित और आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई: राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने दोहराया कि भारत की कार्रवाई पूरी तरह संतुलित और आत्मरक्षा में की गई है। उन्होंने संसद में रामायण का श्लोक उद्धृत करते हुए कहा – “जिन मोहि मारा, तिन मोहि मरे”, यानी जिसने हमें मारा, उसे हमने मारा। उन्होंने कहा कि यह जवाब आतंक के खिलाफ भारत की नीति को दर्शाता है।
प्राकाश कुमार पांडेय





