पटना। अभी एयर इंडिया में शराब के नशे में धुत युवक के बुजुर्ग महिला पर शराब करने की खबर धुंधली भी नहीं हुई थी कि एक और फ्लाइट में कांड हो गया है। दिल्ली से पटना आने वाली फ्लाइट में शराब के नशे में 3 युवकों ने एयर होस्टेस और कैप्टन के साथ मारपीट की है। बताया जा रहा है कि इंडिगो की फ्लाइट 6E-6383 ने दिल्ली से पटना के लिए उड़ान भरी। दिल्ली से ही फ्लाइट के अंदर 3 युवक शराब पीकर चढ़े थे।
- इंडिगो की फ्लाइट में तीन शराबियों ने की बदसलूकी
- एयर होस्टेस को छेड़ा
- रविवार रात पटना पहुंचते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार
- लगातार हो रही है ऐसी घटनाएं
सह-यात्रियों के साथ की बदसलूकी
युवक विमान में घुसते ही सह-यात्रियों के साथ बदसलूकी करने लगे। एयर होस्टेस और कैप्टन के आने पर उनके ही साथ मारपीट शुरू कर दी। पायलट ने पटना के एयरपोर्ट थाने में इसकी लिखित शिकायत की है। एयर होस्टेस ने समझाने की कोशिश तो शराबी उसी से उलझ गए। उसके साथ बदसलूकी और छेड़खानी भी की।
तीनों युवक थे नशे में धुत
रोहित कुमार, नितिन कुमार और पिंटू कुमार बिहार के ही रहने वाले हैं। तीनों पूरी तरह से नशे में धुत थे। दिल्ली से फ्लाइट के उड़ान भरने के बाद से ही ये अंदर हंगामा करने लगे। इनकी वजह से फ्लाइट में सवार दूसरे पैसेंजर्स को भी काफी परेशानी हुई। काफी समय तक शोर-शराबा चलता रहा।
बताया- राजनेता के हैं करीबी
पायलट ने एयरपोर्ट अथॉरिटी और CISF को इसकी सूचना दी तो इन्हें एयरपोर्ट पर बाहर निकलने से पहले ही रोका गया। ये खुद को एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े होने और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का खास आदमी बताते रहे। वैसे, तीसरा साथी पिंटू मौका देख कर फरार हो गया। CISF की तरफ से एयरपोर्ट थाना की पुलिस को जानकारी होने पर पहुंच कर पुलिस ने छानबीन की। पुलिस रोहित और नितिन को गिरफ्तार कर अपने साथ थाना ले गई।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह कोई पहली घटना नहीं है। इस बीच लगातार उड़ानों में बदतमीजी और शराबियों के बदसलूकी की घटनाएं सुनने को मिली हैं। जानिए ऐसी कुछ घटनाओं के बारे मेंः-
- पिछले साल 26 नवंबर को एअर इंडिया की फ्लाइट में सवार एक व्यक्ति ने बिजनेस क्लास में सफर कर रही बुजुर्ग महिला पर पेशाब कर दिया। एयरलाइन ने कोई एक्शन नहीं लिया। बुजुर्ग महिला ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन से शिकायत की, तब एयरलाइन ने दिल्ली पुलिस में FIR कराई और जांच पूरी होने तक आरोपी के हवाई यात्रा करने पर रोक लगा दी। फिलहाल, आरोपी गिरफ्तार हो चुका है।
- एअर इंडिया की एक और फ्लाइट में 6 दिसंबर को महिला यात्री के ऊपर पेशाब करने का मामला सामने आया है। यह फ्लाइट पेरिस से दिल्ली आ रही थी। आरोपी ने लिखित माफी मांग ली थी, इसलिए उस पर एक्शन नहीं लिया गया।
- थाई स्माइल एयरवेज की एक उड़ान में पिछले साल 26 दिसंबर को यात्रियों के बीच मारपीट का वीडियो हाल ही में सामने आया। यह फ्लाइट बैंकॉक से भारत आ रही थी।
देखें वीडियो –
