देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर आखिरकार राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी National Testing Agency ने नई तारीखों का ऐलान कर दिया है। परीक्षा रद्द होने के बाद असमंजस में पड़े लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को अब बड़ी राहत मिली है। एजेंसी ने घोषणा की है कि NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
यह जानकारी NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए साझा की। एजेंसी ने अपने आधिकारिक पोस्ट में कहा कि भारत सरकार की स्वीकृति के बाद दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत सूचना पर ही भरोसा करें।
परीक्षा रद्द होने के बाद बढ़ी थी चिंता
NEET UG 2026 की परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में करीब 22 लाख छात्र मानसिक तनाव और असमंजस की स्थिति में थे। मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का सपना देख रहे विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर परीक्षा कब होगी और उनकी तैयारी का क्या होगा।
कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर अपनी चिंता जाहिर की थी। अभिभावकों का कहना था कि लगातार बदलते घटनाक्रम से बच्चों का मानसिक दबाव बढ़ गया है। कुछ कोचिंग संस्थानों ने भी सरकार और NTA से जल्द नई तारीख घोषित करने की मांग की थी। नई तारीख 21 जून 2026 के सामने आने के बाद स्टूडेंटस को परीक्षा की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय भी मिल गया है। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों की मानें तो यह अतिरिक्त समय उन स्टूडेंटस के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है, जो पहले नीट परीक्षा की तैयारी को पूरा नहीं कर पाए थे।
सोशल मीडिया पर NTA का आधिकारिक बयान
National Testing Agency ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा से जुड़ी हर अपडेट केवल आधिकारिक माध्यमों से ही जारी की जाएगी। NTA ने छात्रों को फर्जी खबरों और अफवाहों से बचने की सलाह दी है। एजेंसी के अनुसार कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक सूचनाएं फैल रही हैं, जिन पर भरोसा करना छात्रों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
NTA के मुताबिक परीक्षा से जुड़े एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और दिशा-निर्देशों की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि परीक्षा से लगभग एक सप्ताह पहले एडमिट कार्ड जारी किए जा सकते हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा पहचान सत्यापन, बायोमेट्रिक जांच और डिजिटल निगरानी जैसे कदम भी बढ़ाए जा सकते हैं ताकि परीक्षा निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
छात्रों के लिए बड़ा मौका
शिक्षाविदों का मानना है कि परीक्षा की नई तारीख घोषित होने के बाद छात्रों को अपनी कमजोरियों पर काम करने का अच्छा अवसर मिला है। जिन विद्यार्थियों का सिलेबस अधूरा रह गया था, वे अब रिवीजन और मॉक टेस्ट पर अधिक ध्यान दे सकते हैं। कोचिंग विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ हफ्तों में छात्रों को समय प्रबंधन, NCERT आधारित तैयारी और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों पर ज्यादा फोकस करना चाहिए। मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता के लिए लगातार अभ्यास सबसे अहम माना जाता है।
नई तारीख घोषित होने के बाद अभिभावकों में भी राहत का माहौल देखने को मिला। कई परिवारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बच्चे काफी तनाव में थे और परीक्षा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। अब तय तारीख आने से तैयारी को नई दिशा मिलेगी। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी परीक्षा के आयोजन में पारदर्शिता और समयबद्धता बेहद जरूरी होती है। इसलिए एजेंसी पर अब निष्पक्ष और व्यवस्थित परीक्षा कराने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
मेडिकल प्रवेश की सबसे बड़ी परीक्षा
NEET UG देशभर के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्सों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। हर साल लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं। इस बार परीक्षा रद्द होने और फिर नई तारीख घोषित होने के घटनाक्रम ने पूरे शिक्षा जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है। अब सभी की नजरें 21 जून को होने वाली परीक्षा पर टिकी हैं। छात्रों को उम्मीद है कि इस बार परीक्षा बिना किसी विवाद के सफलतापूर्वक संपन्न होगी और उन्हें उनके सपनों के मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने का मौका मिलेगा।





