Gen Z का बागी अंदाज, वायरल इस्तीफे में खोली कंपनी की पोल,,,कॉर्पोरेट दुनिया के टॉक्सिक वर्क कल्चर पर हमला

resignation letter

आज की युवा पीढ़ी यानी Gen Z सिर्फ नौकरी करने में ही नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और मानसिक शांति को लेकर भी बेहद मुखर होती जा रही है। इसका ताजा उदाहरण लखनऊ की 21 वर्षीय  प्रतिष्ठा गुप्ता बनी हैं, जिनका इस्तीफा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह सिर्फ एक साधारण रेजिग्नेशन लेटर नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट दुनिया के टॉक्सिक वर्क कल्चर पर सीधा हमला माना जा रहा है।

  1. सोशल मीडिया पर छाया अनोखा रिजाइन लेटर
  2. टॉक्सिक वर्क कल्चर पर कर्मचारी का हमला
  3. “पांच लोगों का काम, एक की सैलरी”
  4. कॉर्पोरेट लाइफ पर Gen Z की बेबाक राय
  5. इस्तीफे की हर लाइन हुई वायरल

लखनऊ की एक कंपनी में कंटेंट मार्केटिंग स्ट्रैटेजिस्ट के तौर पर  प्रतिष्ठा गुप्ता काम कर रही थीं। उन्होंने नौकरी छोड़ते समय जो ईमेल लिखा, उसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी। आमतौर पर कर्मचारी इस्तीफा देते वक्त कंपनी का धन्यवाद करते हैं और औपचारिक भाषा का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन प्रतिष्ठा ने अपने अनुभव को बिल्कुल बेबाक अंदाज में सामने रखा।

उन्होंने अपने ईमेल की शुरुआत करते हुए लिखा कि वह आधिकारिक रूप से इस्तीफा दे रही हैं और 9 मार्च 2026 उनका आखिरी कार्य दिवस होगा। लेकिन इसके बाद उन्होंने जो लिखा, वही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है और उनकी मानसिक शांति का कोई महत्व नहीं रह गया है। अपने इस्तीफे में कंपनी के वर्क कल्चर पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनसे एक साथ कई काम करवाए जाते थे, लेकिन वेतन उसके मुकाबले बेहद कम था। उन्होंने लिखा कि जब उन्होंने अपने काम और बैंक बैलेंस की तुलना की तो महसूस हुआ कि वह अकेले ही पांच लोगों का काम कर रही हैं।

उन्होंने मजाकिया लेकिन तीखे अंदाज में उन जिम्मेदारियों की सूची भी साझा की, जो आधिकारिक रूप से उनके पद का हिस्सा नहीं थीं। इनमें वीडियो एडिटिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग, SEO, वर्डप्रेस मैनेजमेंट, एनालिटिक्स और कंटेंट स्ट्रैटेजी जैसे कई काम शामिल थे। उनकी एक लाइन सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने लिखा कि उन्हें वीडियो एडिटर और डिजाइनर का काम भी करना पड़ता था ताकि कंपनी का ब्रांड “2005 की पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन जैसा” न लगे। इस व्यंग्यात्मक टिप्पणी ने इंटरनेट यूजर्स का ध्यान खींच लिया।

सोशल मीडिया पर लोग  प्रतिष्ठा के इस अंदाज को “Gen Z की नई आवाज” बता रहे हैं। कई यूजर्स ने कहा कि उन्होंने उन समस्याओं को खुलकर लिखा है, जिनका सामना आज के युवा कर्मचारी अक्सर करते हैं, लेकिन नौकरी बचाने के डर से बोल नहीं पाते। वहीं कुछ लोगों ने इसे प्रोफेशनल व्यवहार के खिलाफ भी बताया और कहा कि इस्तीफा हमेशा औपचारिक तरीके से देना चाहिए। हालांकि बड़ी संख्या में युवा समर्थन में नजर आए। उनका कहना है कि अब कर्मचारी सिर्फ सैलरी के लिए मानसिक दबाव और अत्यधिक काम का बोझ सहने को तैयार नहीं हैं। Gen Z अपने वर्क-लाइफ बैलेंस, मानसिक स्वास्थ्य और सम्मानजनक माहौल को ज्यादा महत्व दे रही है।

कॉर्पोरेट सेक्टर में बढ़ते “मल्टीटास्किंग कल्चर” को लेकर भी इस वायरल इस्तीफे ने बहस छेड़ दी है। कई कंपनियों में एक कर्मचारी से कई विभागों का काम लेने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में यह ईमेल सिर्फ व्यक्तिगत नाराजगी नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के कर्मचारियों की सोच का प्रतीक माना जा रहा है।विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया के दौर में अब कर्मचारियों की आवाज पहले से ज्यादा प्रभावशाली हो गई है। पहले जहां इस्तीफे सिर्फ HR विभाग तक सीमित रहते थे, वहीं अब वे इंटरनेट पर वायरल होकर बड़ी बहस का मुद्दा बन जाते हैं। यह इस्तीफा फिलहाल इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। कुछ लोग इसे साहसिक कदम बता रहे हैं, तो कुछ इसे कॉर्पोरेट संस्कृति पर करारा व्यंग्य मान रहे हैं। लेकिन इतना तय है कि इस वायरल रेजिग्नेशन लेटर ने आधुनिक कार्य संस्कृति और युवाओं की बदलती सोच पर नई बहस जरूर छेड़ दी है।

Exit mobile version