NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने शुक्रवार को बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी कीमत पर शिक्षा माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा। धर्मेंद्र प्रधान ने ऐलान किया कि 21 जून को NEET-UG की दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। छात्रों को अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय मिलेगा, जबकि एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे। परीक्षा में छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अगले साल से NEET परीक्षा OMR शीट पर नहीं बल्कि CBT यानी Computer Based Test मोड में आयोजित होगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 7 मई को प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद तुरंत जांच शुरू की गई। सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा माफियाओं की साजिश के कारण मेहनती छात्रों का भविष्य खराब नहीं होने दिया जाएगा और इस बार दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।




