2 अगस्त को प्रस्तावित परीक्षा टली, आवेदन की समय-सीमा बढ़ने के बाद लिया गया फैसला
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) और ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMFC) भर्ती परीक्षा 2026 के अभ्यर्थियों को बड़ा अपडेट दिया है। आयोग ने 2 अगस्त 2026 को प्रस्तावित प्रारंभिक परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। परीक्षा की नई तारीख बाद में अलग से घोषित की जाएगी।
MPSC ने इस संबंध में आधिकारिक सर्कुलर जारी करते हुए बताया कि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के कारण परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। इसी वजह से प्रारंभिक परीक्षा को भी फिलहाल टाल दिया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि संशोधित परीक्षा तिथि जल्द जारी की जाएगी और उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से इसकी जानकारी दी जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से MPSC की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।
परीक्षा स्थगित होने से बड़ी संख्या में उम्मीदवार निराश हैं। कई अभ्यर्थी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी अंतिम चरण में पहुंचा चुके थे। उम्मीदवारों ने परीक्षा प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता और समय पर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
इस बीच, 7 जुलाई को जारी MPSC के नोटिफिकेशन में एक टाइपिंग त्रुटि भी सामने आई थी। अधिसूचना में वर्ष 2026 की जगह गलती से 2025 अंकित कर दिया गया था, जिसे लेकर अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति बनी रही।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग राज्य की न्यायिक सेवाओं में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) और ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMFC) पदों पर भर्ती के लिए यह प्रारंभिक परीक्षा आयोजित करता है। अब उम्मीदवारों को आयोग द्वारा नई परीक्षा तिथि की घोषणा का इंतजार रहेगा।




