Indian Premier League 2026 में आज धर्मशाला के मैदान पर Punjab Kings और Mumbai Indians के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाना है, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीम के नियमित कप्तान Hardik Pandya पीठ में खिंचाव की समस्या के चलते मुकाबले से बाहर हो गए हैं। वहीं अब टीम को दूसरा बड़ा झटका तब लगा जब स्टैंड-इन कप्तान Suryakumar Yadav ने भी निजी कारणों से मैच नहीं खेलने का फैसला कर लिया। बताया जा रहा है कि सूर्यकुमार टीम के साथ धर्मशाला नहीं पहुंचे हैं और उन्होंने पहले ही मैनेजमेंट को इसकी जानकारी दे दी थी।
कप्तानी को लेकर बढ़ा सस्पेंस, तिलक वर्मा या रोहित शर्मा पर नजर
मुंबई इंडियंस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल कप्तानी को लेकर खड़ा हो गया है। हार्दिक और सूर्यकुमार दोनों की गैरमौजूदगी में टीम मैनेजमेंट युवा बल्लेबाज Tilak Varma को कप्तानी सौंप सकता है। हालांकि अनुभवी Rohit Sharma और स्टार तेज गेंदबाज Jasprit Bumrah भी इस रेस में शामिल बताए जा रहे हैं। मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, इसलिए टीम अब सम्मान बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ की रेस में बेहद अहम मुकाबला
दूसरी तरफ Shreyas Iyer की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है और इस मैच में जीत उन्हें प्लेऑफ के और करीब पहुंचा सकती है। पंजाब की बल्लेबाजी इस सीजन में शानदार रही है। खासतौर पर Priyansh Arya और Prabhsimran Singh ने ओपनिंग में तेज शुरुआत देकर टीम को मजबूती दी है।
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग-11 में कई बदलाव संभव
मुंबई इंडियंस की संभावित टीम में रायन रिकेल्टन, नमन धीर, क्विंटन डी कॉक, तिलक वर्मा, विल जैक्स और राज बावा जैसे खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर पर जिम्मेदारी रहेगी। वहीं रोहित शर्मा को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। टीम मैनेजमेंट आखिरी समय में कुछ और बदलाव भी कर सकता है।
पंजाब की गेंदबाजी और ऑलराउंडर्स बन सकते हैं मैच के गेमचेंजर
पंजाब किंग्स की टीम में मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन और लॉकी फर्ग्यूसन जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। वहीं स्पिन विभाग की जिम्मेदारी Yuzvendra Chahal संभालेंगे। अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर नई गेंद से मुंबई के बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। धर्मशाला की पिच को देखते हुए यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग होने की उम्मीद जताई जा रही है।





