भोपाल में लोन ऐप ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। लोन ऐप के झांसे फंसने के बाद दाने दाने को मोहताज हुए एक शख्स ने अपने पूरे परिवार सहित आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने वाले पति-पत्नी ने पहले बच्चों को जहर दिया। इसके बाद खुद फांसी पर झूल गए। ये आत्मघाती कदम उठाने से पहले मृतक ने एक सुसाइड नोट लिखकर छोड़ा है।
- निजी इंश्योरेंस कंपनी में करता था नौकरी
- कर्ज से परेशान परिवार ने की सामूहिक खुदकुशी
- बच्चों को जहर देकर पति-पत्नी ने लगाई फांसी
- परिवार के साथ खत्म कर ली जिंदगी
- मामले की जांच कर रही पुलिसये हृदय विदारक मामला भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में स्थित नीलबड़ इलाके का है। जहां एक ही परिवार के चार लोगों ने सामूहिक खुदकुशी कर ली। मरने वालों में छोटे छोटे दो बच्चे भी शामिल हैं। पति-पत्नी ने खुद का जीवन खत्म करने से पहले अपने मासूम बच्चों को जहर दिया। जब बच्चों की सांस थम गई तो दोनों ने एक ही जगह फांसी लगा ली। इतना बड़ा कदम उठाने के पीछे की परिवार के कर्ज के होने की बात सामने आ रही है।
बच्चों को खिला दी सल्फास की गोली
पुलिस को घटना स्थल से सुसाइड नोट के साथ सल्फास की गोलियों का पैकेट बरामद किया। इस मामले को लेकर एसीपी चंद्र प्रकाश पांडे ने बताया दोनों पति पत्नी ने पहले आठ और तीन साल के दोनों बच्चों को सल्फास की गोलियां खिलाई। इसके बाद पति-पत्नी ने फांसी लगा ली। एसीपी ने बताया 35 वर्षीय भूपेंद्र विश्वकर्मा निजी इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी करता था। जिसमें नुकसान होने पर उसने लोन लिया। लेकिन लोन का भुगतान वह समय पर नहीं कर पाया। जिसके चलते उस पर कर्ज की राशि बढ़ती गई। उसने यह जानलेवा कदम उठाया। हालांकि इस परिवार की अंतिम इच्छा थी कि उनका पोस्टमार्टम नहीं कराया जाए, लेकिन कानून मजबूर है पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए सभी चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
नीलबड़ के शिव विहार की है ये घटना
भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में नीलबड़ इलाके के शिव विहार में भूपेंद्र विश्वकर्मा अपनी पत्नी ऋतु विश्वकर्मा ने अपने दो बेटों 8 साल के ऋतुराज और 3 साल के ऋषिराज के साथ रहते थे। सुसाइड नोट में ऑनलाइन एप से लिये गये कर्ज को चुका नहीं पाने की वजह से आत्महत्या की बात लिखी है। सुसाइड नोट में लिखा है उसके दोस्त ही नहीं रिश्तेदार भी उसे बदनाम कर रहे थे तो वहीं जिन लोगों से कर्ज लिया था वे उन्हें ब्लैकमेल कर रहे थे।
सामूहिक आत्महत्या से पहले लिया ग्रुप फोटो
भूपेंद्र विश्वकर्मा और उनके परिवार ने आत्महत्या से पहले सामूहिक फोटो भी लिया। जिसे उन्होंने आत्महत्या से अपने रिश्तेदारों के साथ परिजनों को सोशल मीडिया पर अपलोड किया। भूपेंद्र विश्वकर्मा ने सुसाइड नोट में अपने माफी मांगी और लिखा कि उनकी आखिरी इच्छा है कि सभी का साथ में सामूहिक अंतिम संस्कार किया जाए। उनके शवों का पोस्टमॉर्टम नहीं किया जाए, जिससे वे चारों मरने के बाद भी साथ में रह सके।




