किसानों के लिए सीएम यादव के बड़े ऐलान….किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी

Major announcements by CM Yadav for farmers 10 hours of daytime electricity and procurement of paddy at the support price

मध्य प्रदेश के किसानों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई अहम ऐलान किए हैं। शहडोल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को उज्जैन से वर्चुअली संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली देने की बात कही। साथ ही धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी, सिंचाई का रकबा बढ़ाने और किसानों की आय के नए स्रोत विकसित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का लक्ष्य हर खेत तक पानी पहुंचाना और सिंचाई का रकबा बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि इस बार धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी।

कृषि के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, बकरी पालन, कुक्कुट पालन और मछली पालन को भी बढ़ावा देने की बात कही गई। सरकार उन्नत बीज उपलब्ध कराने के साथ आधुनिक, जैविक और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करेगी। शहडोल के कोदो-कुटकी और हल्दी जैसे स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग और बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने किसानों के ब्याज मुक्त ऋण को लेकर भी बड़ा बदलाव बताया। सरकार के मुताबिक अब किसान साल में एक बार तय समय पर ही नहीं, बल्कि अपनी सुविधा के अनुसार साल में कभी भी ऋण की राशि जमा कर सकेंगे। इसके अलावा जनजातीय बहुल गांवों में होम-स्टे विकसित करने की योजना है, जिससे ग्रामीण पर्यटन के साथ युवाओं के लिए रोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर बन सकें।

यानी सरकार का फोकस सिर्फ फसल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है। सिंचाई, समर्थन मूल्य, जैविक खेती, पशुपालन, स्थानीय उत्पादों की प्रोसेसिंग और ग्रामीण पर्यटन को जोड़कर किसानों की आय के कई रास्ते तैयार करने की कोशिश की जा रही है।

Exit mobile version