मैदान में उतरे कांग्रेस के 229 प्रत्याशी, खातेगांव से दीपक,गोटेगांव से टिकट बदलकर प्रजापति को मैदान में उतारा

Madhya Pradesh Assembly Election Congress Candidate

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 229 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इनमें से 144 उम्मीदवारों की घोषणा 15 अक्टूबर को पहली सूची में की गई थी। जिसमें 19 महिला उम्मीदवार भी शामिल थीं। 17 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस ने अब केवल एक सीट आमला को ही होल्ड पर रखा है जहां उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। देर रात जारी दूसरी लिस्ट के साथ ही कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश भी की कि भाजपा से आए नेताओं का भी ख्याल रखा गया है। कांग्रेस ने इस बार महिला मतदाताओं की संख्या को देखते हुए बड़ी संख्या में महिलाओं को टिकट दिया गया है। ऐसे में अब देखना होगा कि कांग्रेस को इससे चुनाव में कितना फायदा होता है।

कांग्रेस ने जारी की अपनी दूसरी लिस्ट

कांग्रेस ने 31 महिलाओं को मैदान में उतारा

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में कांग्रेस ने 88 नाम का ऐलान किया है। कांग्रेस की इस सूची में 12 महिलाओं को टिकट दिया है। सागर जिले की 8 में से 4 विधानसभा सीटों पर महिलाओं को मैदान में उतारा है। एमपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 13 प्रतिशत महिलाओं को टिकट दिया है। कांग्रेस की पहली सूची में 19 जबकि दूसरी लिस्ट में 12 महिलाओं को टिकट मिला है। कांग्रेस ने 229 में से अब तक 31 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया हैं। अगर बैतूल की आमला सीट से निशा बांगरे को टिकट मिला तो कुल महिला प्रत्याशियों की संख्या 32 हो जाएंगी। वहीं बीजेपी ने अब तक 144 में से 17 महिलाओं को टिकट दिया है। कांग्रेस ने सागर जिले की 8 विधानसभा में चार महिला उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा हैं। जिनमें सागर से निधि जैन, बीना से निर्मला सप्रे, खुरई से रक्षा राजपूत, रेहली से ज्योति पटेल को टिकट दिया गया है। इसी तरह कुरवाई से रानी अहिरवार, धौहनी से कमलेश सिंह, गाडरवारा से सुनीता पटेल, सारंगपुर से कला महेश मालवीय, नेपानगर से गेंदू बाई चौहान, पानसेमल से चंद्रभागा किराड़े, धार से प्रभा गौतम और बांधवगढ़ से सावित्री सिंह को टिकट दिया है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस की दूसरी सूची

आतिफ अकील और आलोक में रोचक मुकाबला

कांग्रेस ने भोपाल की उत्तर विधानसभा सीट से आतिफ अकील को मैदान में उतारा है। बता दें इंतजार को खत्म करते हुए आखिरकार कांग्रेस ने भोपाल की सभी 7 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। भोपाल की उत्तर विधानसभा सीट को लेकर चल रहा कश्मकश भी खत्म हो गया है। यहां कांग्रेस ने परिवारवाद को ही बढ़ावा दिया है। लंबे समय से बीमार चल रहे पूर्व मंत्री और विधायक आरिफ अकील के बेटे आतिफ अकील को प्रत्याशी बनाया है। अकील को लेकर उनके चाचा आमीर की नाराजगी भी सामने आई थी, लेकिन उन्हें मना लिया है। आतिफ को टिकट मिलने के बाद उत्तर भोपाल में रोचक मुकाबला हो गया है। पहली बार चुनाव मैदान में इंजीनियर आतिफ अकील उतरे हैं। उनके सामने अपनों की नाराज़गी बड़ी चुनौती होगी। बता दें हाल ही में चाचा अमीर अकील ने शक्ति प्रदर्शन रैली निकाली थी। वहीं उत्तर सीट से टिकट को लेकर कई दिनों से अकील फैमिली में विवाद चल रहा था। बीमार आरिफ अकील की जगह उनके छोटे भाई आमिर अकील उत्तर से टिकट चाह रहे थे। वहीं आम आदमी पार्टी से पूर्व पार्षद सउद रऊफ भी मैदान में हैं। बता दें आतिफ अकील के चाचा अमीर अकील को पार्षद चुनाव में सउद रउफ हरा चुके हैं। वहीं बीजेपी प्रत्याशी आलोक शर्मा इस सीट से 2008 में आरिफ अकील के सामने एक बार चुनाव हार चुके हैं।  भोपाल दक्षिण-पश्चिम में मौजूदा विधायक पीसी शर्मा को फिर से मैदान में उतार कर मौका दिया है। इनकी सीट को लेकर ऊहापोह बना हुआ था, लेकिन अब यह सस्पेंस खत्म हो गया है। हालांकि इनके मुकाबले भाजपा से कौन लड़ेगा, अभी तय नहीं हो पाया है। विधायक रामेश्वर शर्मा के खिलाफ हुजूर में नरेश ज्ञानचंदानी को उतारा गया है। एक बार फिर इनका मुकाबला शर्मा से होगा। गोविंदपुरा में भाजपा विधायक कृष्णा गौर के मुकाबले में रवीन्द्र साहू होंगे। इसके पहले भोपाल मध्य और बैरसिया में दोनों दलों के प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं।

भाजपा के बागियों को टिकट का तोहफा

कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची में सात भाजपा के बागी नेताओं को शामिल किया। इनमें से दीपक जोशी को देवास जिले की खातेगांव सीट मैदान में उतारा है। अभय मिश्रा को रीवा जिले की सेमरिया सीट से टिकट दिया गया है। दोनों ने हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। इसके साथ ही धार जिले की बदनावर सीट से भजपा के पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत को कांग्रेस ने टिकट देकर उपकृत किया है। भंवर सिंह हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए थे। वहीं नीमच जिले की जावद विधानसभा सीट से समंदर पटेल को कांग्रेस ने टिकट देकर मैदान में उतार दिया है। समंदर पटेल का नाम भी उन नेताओं में शामिल है जो पिछले दिनों कांग्रेस में शामिल हुए थे।

​बीजेपी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के भाई को कांग्रेस से टिकट

होशंगाबाद सीट से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा के भाई पूर्व विधायक गिरजा शंकर शर्मा को कांग्रेस ने होशंगाबाद से ही टिकट दे दिया है। बता दें गिरजा शंकर शर्मा एक महीने पहले ही बीजेपी से कांग्रेस में शामिल हुए थे। निवाड़ी में भी बीजेपी की मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष सरोज राय के बेटे अमित राय जिला पंचायत सदस्य को कांग्रेस ने विधानसभा का टिकट दिया है। उधर भिंड सीट पर कांग्रेस को अविश्वास के दौरान विधानसभा में झटका देने वाले तत्कालीन उपनेता प्रतिपक्ष चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है।

ये विधायक हुए चुनावी रेस से आउट

कांग्रेस की दूसरी सूची में जिन विधायकों के टिकट पर कैंची चली है उनमें सुमावली से अजब सिंह कुशवाह, मुरैना से विधायक राकेश मावई, सेंधवा से ग्यारसी लाल रावत, ब्यावरा से रामचंद्र दांगी, गोहद से मेवाराम जाटव बड़नगर से मुरली मोरवाल शामिल हैं।

कमलनाथ ने दी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं

कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 229 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। गुरुवार की रात कांग्रेस ने अपने 88 प्रत्याशियों दूसरी सूची जारी कर दी है। जिसे लेकर पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी हैं।। कमलनाथ ने अपने संदेश में लिखा है कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी सिर्फ विधायक बनने के लिए खड़े नहीं हो रहे हैं, बल्कि मध्य प्रदेश का भविष्य संवारने के लिए चुनाव के मैदान में उतरे हैं। आइये आज से हम सब प्राणपण से अपने कर्तव्य में जुट जाएं और मध्य प्रदेश से 18 साल के कुशासन का अंत करने के लिए कमर कस लें। मध्य प्रदेश में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाएं। जय कांग्रेस विजय कांग्रेस।

Exit mobile version