पीएम नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की मरुभूमि से कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने राजस्थान को सिद्धों और शूरवीरों की धरती बताते हुए कहा एक बार फिर आप सबके दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। ये वो धरती है। जिसके वीरों की कहानियां आज भी सीमापार खौफ पैदा करती हैं। जिस रेगिस्तान की गर्मी में अच्छे-अच्छों की हिम्मत दम तोड़ देती है। वहां आपके हौसले के सामने गर्मी भी कुछ कर नहीं पाती। ये जन-सैलाब, ये जन-समर्थन, ये बताता है कि बाड़मेर की जनता बीजेपी को भरपूरी आशीर्वाद देने संकल्प ले चुकी है। इस चुनाव में आपका एक-एक वोट, विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा। ये चुनाव दल का नहीं, देश का चुनाव है। पीएम जोर देते हुए कहा इसीलिए आज पूरा देश मिलकर कह रहा है 4 जून, 400 पार और मालाणी की भी यही पुकार- फिर एक बार मोदी सरकार।
- पीएम ने राजस्थान में फिर क्यों उठाया ERCP का मुद्दा!
- देरी के लिए कांग्रेस की तत्कालीन गहलोत सरकार पर साधा निशाना
- कांग्रेस के शासन में सुरक्षित नहीं थी बाड़मेर की सीमा
- कांग्रेसी कहते थे दुश्मन देश के भीतर आकर कब्जा कर लेगा
- किस दुश्मन के कलेजे में इतनी हिम्मत
- वो बाड़मेर की सीमा में घुसकर कब्जा कर ले
- कांग्रेस के समय हुआ जल-जीवन मिशन में भ्रष्टाचार
तत्कालीन गहलोत सरकार ने ERCP परियोजना में डाली बाधा
बाड़मेर हमारी पार्टी के वरिष्ठ स्वर्गीय जसवंत सिंह जी का क्षेत्र है। यहां के लोगों ने हमेशा मुझे बोला है- मोदी जी आप देश के दुश्मनों को सबक सिखाओ…बाड़मेर जिताने की ज़िम्मेदारी हमारी है। आप इस बार भी पहले से ज्यादा वोटों से बीजेपी को जिताएंगे ये मेरा पक्का विश्वास है। पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस पार्टी ने 5-6 दशक से ज्यादा देश पर हुकूमत की। लेकिन देश की कोई एक बड़ी समस्या ऐसी नहीं जिसका सम्पूर्ण समाधान कांग्रेस ने दिया हो। राजस्थान की जनता से बेहतर इस बात को कौन जानता होगा? जिस राजस्थान की धरती के लोगों ने देश को अपने रक्त से सींचा, उस राजस्थान को कांग्रेस ने पानी के लिए तरसा दिया…प्यासा रखा! महिलाएं तपती गर्मी में रेतीले धोरों पर सिर पर घड़े रखकर कोस-कोस चलकर पानी लेने जाती थीं। महिलाएं कहती थीं- घी ढुले तो म्हारो कुछ न जासीं पाणी ढुले म्हारो सब कुछ जासी। यानी उस दौर में पानी, घी से भी ज्यादा मूल्यवान था। लेकिन 70 साल तक किसी ने इन महिलाओं की नहीं सुनी। जब आपने आपके बेटे मोदी को सेवा करने का मौका दिया। हमने ‘जलजीवन मिशन’ शुरू कर इस त्रासदी को खत्म करने का बीड़ा उठाया। जलजीवन मिशन से हमने राजस्थान के 50 लाख घरों तक पानी पहुंचाया है। लेकिन, जितने दिन राजस्थान में कांग्रेस सरकार रही। उसने जल-जीवन मिशन में भी जमकर भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस ने राजस्थान तक पानी लाने के लिए ERCP परियोजना भी पूरी नहीं होने दी थी। वहीं भजनलाल शर्मा की सरकार ने 100 दिन के भीतर ही ERCP परियोजना को पास करवाया है। हरियाणा से पानी का समझौता भी हो गया है। राजस्थान हो या गुजरात हो हम लोग लाखा बंजारा को अपना आदर्श मानने वाले लोग हैं। हमारा संकल्प है कि राजस्थान में हर घर तक पानी पहुंचाएं।
कांग्रेस की सोच ही विकास-विरोधी
पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस की विकास-विरोधी सोच है। यह लोग देश के सीमावर्ती गांवों को देश आखिरी गांव कहते रहे हैं। कांग्रेस के ये लोग सीमावर्ती जिलों को गांवों को जानबूझकर विकास से वंचित रखते थे। आप जानते हैं, उनका तर्क क्या होता था। ये कहते थे सीमा के पास विकास होगा तो दुश्मन देश में आकर कब्जा कर लेगा। ये बड़े शर्म की बात है। क्या हम इतने बुजदिल हैं कि हम बढ़िया रास्ता बनाएं तो दुश्मन उस पर चढ़ जाएगा। क्या बात करते हो, शर्म आनी चाहिए। आज किस दुश्मन के कलेजे में इतनी हिम्मत है कि वे भारत में बाड़मेर की धरती और सीमा घुसे और कब्जा करने की सोचे? है किसी में है ये हिम्मत?
सीमावर्ती गांवों को हम मानते हैं देश के प्रथम गांव
प्रधानमंत्री ने कहा हम सीमावर्ती इलाकों को सीमावर्ती गांवों को आखिरी गांव नहीं देश का प्रथम गांव मानते हैं। हमारे लिए यहां देश की सीमाएं पूरी नहीं होती है। हमारे लिए यहां से देश की सीमा शुरू होती है। अगर आज देश में 4 करोड़ गरीबों को पीएम आवास मिले हैं, तो मेरे राजस्थान के बाड़मेर में भी पौने दो लाख गरीबों को पक्के आवास मिले। भाजपा सरकार देश की आखिरी सीमा तक सड़क और राजमार्ग बना रही है। सरकार ने बाड़मेर में मेडिकल कॉलेज भी खोल दिया है। सीमावर्ती बाड़मेर में 72 हजार करोड़ रुपए लागत की रिफ़ाइनरी आज शुरू होने जा रही है। बाड़मेर के भाई-बहन सुनिए यहां कांग्रेस की सरकार न होती तो केन्द्र की बीजेपी सरकार के दूसरे टर्म में ही वे आकर उद्घाटन कर जाते। लेकिन कांग्रेस ने ऐसी-ऐसी रुकावटें डाली लेकिन वे गारंटी देते हैं तीसरे टर्म में वे रिफाइनरी का उद्घाटन करने जरूर आएंगे। जिस दिन रिफाइनरी के उद्घाटन के लिए आएंगे उस दिन इस चुनाव में विजय के लिए धन्यवाद भी करने आएंगे।