breaking news updates: प्रयागराज में बाढ़ का कहर, उमर अंसारी गिरफ्तार, देश-विदेश से जुड़ी आज की बड़ी खबरें
प्रयागराज में सड़कें-मकान-घाट सब डूबे, यूपी के 17 जिलों में बाढ़
breaking news updatesL देशभर में जहां एक ओर बाढ़ और बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं राजनीतिक और कानूनी हलचलों ने भी सुर्खियां बटोरी हैं। अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर भी भारत की भूमिका, विशेषकर रूस-यूक्रेन युद्ध में तेल खरीद को लेकर, चर्चाओं में बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश में मॉनसून ने तबाही मचा दी है। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने प्रयागराज समेत 17 जिलों को बाढ़ की चपेट में ला दिया है। संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में भारी वृद्धि के कारण घाट, सड़कें और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए हैं। किला घाट से झूंसी तक सबकुछ एकसमान पानी में डूब गया है, जिससे गंगा और यमुना की पहचान तक मुश्किल हो गई है।
प्रभावित जिले: वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, चित्रकूट, बस्ती समेत पूर्वांचल के कई हिस्सों में नदियों ने खतरे का निशान पार कर लिया है।
सीएम योगी का निर्देश
राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को बाढ़ राहत और पुनर्वास कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।
लखनऊ के स्कूल बंद..आज छुट्टी घोषित
भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए लखनऊ जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को 4 अगस्त 2025 को बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक सभी बोर्डों के लिए लागू होगा।
भूपेश बघेल और बेटे के खिलाफ जांच पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके बेटे की गिरफ्तारी और जांच के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की गई कार्रवाई को ‘राजनीति से प्रेरित’ बताया गया है।
लोकसभा में आज पेश होगा राष्ट्रीय खेल संचालन विधेयक
लोकसभा में आज ‘राष्ट्रीय खेल संचालन विधेयक’ को पारित करने की तैयारी है। इस विधेयक के जरिए खेल संगठनों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जवाबदेही बढ़ाने के उपाय प्रस्तावित हैं।
अमित शाह से मिलेंगे बंगाल BJP सांसद
बंगाल के भाजपा सांसदों का प्रतिनिधिमंडल आज दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेगा। बैठक में राज्य में बढ़ती हिंसा, प्रशासनिक असहयोग और आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
दिल्ली हाईकोर्ट में कार्ति चिदंबरम की याचिका पर सुनवाई आज
कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। कार्ति ने सीबीआई की एफआईआर को रद्द करने की मांग की है, जिसमें भ्रष्टाचार और विदेशी निवेश में अनियमितताओं का आरोप है।
ट्रंप के एयरस्पेस में घुसा सिविलियन विमान, फाइटर जेट्स ने रोका
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेडमिंस्टर स्थित निवास के ऊपर एक सिविलियन विमान के उड़ने की सूचना पर अमेरिकी वायुसेना के दो F-16 फाइटर जेट्स ने उसे इंटरसेप्ट किया। हालांकि कोई खतरा नहीं पाया गया और पायलट से पूछताछ जारी है।
गाजा पट्टी में पांच महीने बाद फ्यूल सप्लाई शुरू
इजरायल-हमास युद्ध के बाद पहली बार गाजा में ईंधन की आपूर्ति शुरू हुई है। राफा क्रॉसिंग के जरिए 107 टन फ्यूल ट्रकों द्वारा भेजा गया। यह ईंधन अस्पतालों, एंबुलेंस और वॉटर प्लांट के लिए इस्तेमाल होगा।
भारत पर रूसी तेल खरीद को लेकर ट्रंप प्रशासन का निशाना
ट्रंप प्रशासन ने भारत द्वारा रूस से सस्ते दर पर तेल खरीद को लेकर नाराजगी जताई है और कहा कि इससे यूक्रेन युद्ध को आर्थिक सहयोग मिल रहा है। भारत सरकार की ओर से इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
कालेश्वरम परियोजना और आयोग रिपोर्ट पर हैदराबाद कैबिनेट बैठक
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आज कैबिनेट बैठक बुलाई गई है जिसमें जस्टिस पीसी घोष आयोग की रिपोर्ट और विवादित कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना पर चर्चा होगी। इस प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं।
मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी गिरफ्तार
गाजीपुर पुलिस ने माफिया डॉन और पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उमर ने गैंगस्टर एक्ट में जब्त संपत्ति को कोर्ट से छुड़वाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए और मां अफशा अंसारी के जाली हस्ताक्षर किए। मोहम्मदाबाद थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
बालासोर आत्मदाह कांड
ABVP नेता समेत दो युवक गिरफ्तार
ओडिशा के बालासोर एफएम कॉलेज में छात्रा की आत्मदाह की कोशिश के मामले में ABVP नेता और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया गया है। मामला अब राजनीतिक गर्मी पकड़ता पजर आ रहा है। वहीं जांच के लिए सरकार की ओर से विशेष टीम गठित की गई है।
भागलपुर में पिकअप वैन नदी में गिरी, 5 युवकों की मौत
बिहार के भागलपुर जिले में तेज रफ्तार पिकअप वैन बरसाती नदी में गिर गई, जिसमें सवार पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बारिश के कारण पुल की दीवारें कमजोर हो चुकी थीं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शवों को बाहर निकाला।
पुरी की नाबालिग बच्ची का शव दिल्ली से ओडिशा पहुंचा
दिल्ली से लापता हुई ओडिशा की नाबालिग बच्ची का शव अब पुरी लाया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। राज्य मंत्री ने पीड़ित परिवार से भेंट कर सांत्वना दी।
यमन नाव हादसा: 68 प्रवासी मरे, दर्जनों लापता
यमन के पास एक नाव डूबने से 68 अफ्रीकी प्रवासियों की मौत हो गई जबकि कई अभी भी लापता हैं। संयुक्त राष्ट्र ने इसे मानवीय संकट बताया है और राहत कार्य जारी है।





