राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज जाएंगी प्रयागराज
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सोमवार 10 फरवरी को महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाएंगी। राष्ट्रपति मुर्मू करीब आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में गुजारेंगी। इस दौरान वे जहां त्रिवेणी संगम पर स्नान करेंगी वहीं यहां अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में चाक-चौबंद सुरक्षा कर दी गई है।
- त्रिवेणी संगम में लगाएंगीं आस्था की डुबकी
- करीब 8 घंटे संगमनगरी में रहेंगीं राष्ट्रपति
- अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में करेंगी पूजन
- सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे मौजूद
- सुरक्षा व्यवस्था के किए गए पुख्ता इंतजाम
बेंगलुरु में एशिया का सबसे बड़ा एयर शो,फिजी के रक्षा मंत्री से मिले राजनाथ सिंह
कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर एशिया का सबसे बड़ा एयर इंडिया शो 2025 हो रहा है। इस अवसर पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिजी के रक्षा मंत्री पियो टिकोदुआदुआ से मुलाकात की। दोनों ने ही रक्षा सहयोग को के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।बता दें भारत और फिजी संयुक्त कार्यसमूह (जेडब्ल्यूजी) को संस्थागत तौर पर बनाने को लेकर आपसी सहमति भी जताई गई है। बैठक आज सोमवार से शुरू हुए एयर इंडिया 2025 के दौरान बेंगलुरु में हुई है। बेंगलुरु में एयर इंडिया 2025 के मौके पर मुलाकात के दौरान राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझाा की है। उन्होंने लिखा कि बेंगलुरु में फिजी के रक्षा मंत्री पियो टिकोदुआदुआ के साथ एक सराहनीय बैठक हुई है। रक्षा सहयोग को लेकर कई अहम विषयों पर हमने चर्चा की है।
PM आज करेंगे परीक्षा पे चर्चा
पीएम नरेन्द्र मोदी आज परीक्षा पे चर्चा करने वाले हैं। यह कार्यक्रम बहुत खास होने वाला है। इस बार इस कार्यक्रम का आठवां संस्करण 10 फरवरी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। पीएम नरेन्द्र मोदी का यह कार्यक्रम इस बार काफी बड़ा और आकर्षक होने वाला है। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में कई प्रसिद्ध सेलिब्रिटीज भी शामिल होंगे। जिनमें आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु के साथ सिने अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, खेल मैदान से बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता अवनी लेखरा भी इस आयोजन में शामिल होंगी।
महाकुंभ के मार्ग पर महा’जाम’
प्रयागराज महाकुंभ Mahakumbh-2025 में आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ हर दिन उमड़ रही है। पतित पावनी गंगा के त्रिवेणी संगम पर पुण्य की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालु प्रयागराज बस और ट्रेन ही नहीं पर्सनल और लोडिंग वाहनों से भी आ रहे हैं। हालांकि इस दौरान जहां सड़क मार्ग से आने वाले इन यात्रियों को कई स्थानों पर जाम के झाम से जूझना पड़ रहा है। तो वहीं, रेल में सवार होकर आने वाले श्रद्धालुओं को भी दिक्कतें कम नहीं है। उन्हें भी रेल में भीड़ का सामना करना पड़ रहा है।
प्रयागराज सीमा से लगे आसपास के जिलों कटनी, सतना और रीवा, बनारस, कानपुर, फतेहपुर के स्टेशन पुरी तरह से फुल हैं। यात्रियों को स्टेशन पर पैर रखने का भी स्थान नहीं मिल रहा है। इसके अतिरिक्त जिन यात्रियों का टिकट कन्फर्म हैं। उन्हें भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रा में परेशानी का आलम यह है कि सेकेंड एसी के साथ थर्ड एसी भी जनरल कोच की तरह नजर आ रहे हैं।