सदियों से योग का केंद्र…कर्नाटक की धरती…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक की प्राचीन योग और आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख किया। उनके बयान में भारत की सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक स्तर पर योग की पहचान का संदेश प्रमुख है।
कर्नाटक की धरती का इतिहास केवल कला, संस्कृति और स्थापत्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी पहचान योग, साधना और आध्यात्मिक चेतना से भी जुड़ी रही है। बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्नाटक सदियों से योग का केंद्र रहा है।
योग से विश्व कल्याण का संदेश, कर्नाटक की आध्यात्मिक विरासत को पीएम मोदी ने सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 13 नवंबर को बेंगलुरु में स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) के आवासीय परिसर प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए। इसी अवसर पर उन्होंने कर्नाटक की योग परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की धरती सदियों से योग का केंद्र रही है।
प्रशांति कुटीरम की स्थापना वर्ष 1975 में आधुनिक विज्ञान और भारत की प्राचीन आध्यात्मिक ज्ञान परंपरा को जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी। एस-व्यास वर्ष 2002 में मानद विश्वविद्यालय बना। यह संस्थान योग की शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में काम कर रहा है। प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का महत्व इसलिए भी खास है कि योग आज भारत की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ वैश्विक स्वास्थ्य और जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है। कर्नाटक के मैसूरु और बेंगलुरु ने योग, ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने स्वर्ण जयंती प्रशासनिक खंड की आधारशिला रखी और केरल के तिरुवनंतपुरम में एस-व्यास के नए केंद्र का शुभारंभ भी किया। संस्थान का स्वर्ण जयंती समारोह 13 से 23 नवंबर तक ‘विकसित भारत 2047 की ओर’ विषय पर आयोजित किया जा रहा है। (प्रकाश कुमार पांडेय)





