चीन की राजधानी पेइचिंग में 17 अगस्त की सुबह पूर्व चीनी नेता च्यांग त्सेमिन के जन्म की 100वीं वर्षगांठ के मौके पर एक भव्य महासभा का आयोजन किया गया। पेइचिंग जन वृहद भवन में हुई इस सभा में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने महत्वपूर्ण भाषण दिया। उन्होंने च्यांग त्सेमिन के लंबे राजनीतिक जीवन और चीन के विकास में उनके योगदान को याद किया। शी चिनफिंग ने कहा कि च्यांग त्सेमिन के कार्यों और विचारों से सीख लेते हुए चीन को चीनी विशेषता वाले समाजवाद के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ना चाहिए।
शी चिनफिंग ने च्यांग त्सेमिन के लंबे राजनीतिक जीवन को किया याद
महासभा को संबोधित करते हुए शी चिनफिंग ने कहा कि च्यांग त्सेमिन का जीवन संघर्ष और उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की स्वतंत्रता, जनता की मुक्ति, देश की समृद्धि और लोगों के बेहतर जीवन के लिए समर्पित किया। शी ने उनके 70 साल से अधिक लंबे क्रांतिकारी जीवन का उल्लेख करते हुए उनके राजनीतिक योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
पार्टी और देश के लिए च्यांग त्सेमिन के योगदान की हुई चर्चा
शी चिनफिंग ने कहा कि पार्टी और देश के काम में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करने के दौरान च्यांग त्सेमिन ने एक अनुभवी मार्क्सवादी राजनीतिज्ञ के रूप में अपनी क्षमता दिखाई। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में फैसले लेने की क्षमता, दूरदृष्टि, नेतृत्व और संगठन चलाने की योग्यता का परिचय दिया। शी के मुताबिक, उनके राजनीतिक जीवन से आज भी सीख ली जा सकती है और उनका काम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
चीनी राष्ट्र के महान पुनरोत्थान के लक्ष्य पर शी चिनफिंग का जोर
शी चिनफिंग ने कहा कि लंबे समय के प्रयासों से चीन में विकास आगे बढ़ा है। देश में शांति और स्थिरता बनी हुई है तथा लोगों के जीवन स्तर में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी राष्ट्र के महान पुनरोत्थान का भविष्य उज्ज्वल है और कई पीढ़ियों से देखे जा रहे सपने धीरे-धीरे पूरे हो रहे हैं।
चीनी आधुनिकीकरण के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील
अपने संबोधन में शी चिनफिंग ने पार्टी, सेना और विभिन्न जातीय समूहों की जनता से केंद्रीय समिति के आसपास एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने चीनी विशेषता वाले समाजवाद के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए देश को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चीन के आधुनिकीकरण को आगे बढ़ाना और राष्ट्रीय पुनरोत्थान के लक्ष्य को हासिल करना आने वाले समय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
महासभा से पहले शी चिनफिंग ने च्यांग त्सेमिन के परिजनों से की मुलाकात
महासभा शुरू होने से पहले शी चिनफिंग और अन्य नेताओं ने च्यांग त्सेमिन के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने उनके परिवार के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई। पूरे कार्यक्रम में पूर्व नेता च्यांग त्सेमिन के राजनीतिक जीवन और चीन के लिए उनके योगदान को प्रमुखता से याद किया गया।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)





