जीतू पटवारी के भाई से पूछताछ…ब्राउन शुगर केस में हिरासत, कांग्रेस ने बताया राजनीतिक बदले की कार्रवाई

 

जीतू पटवारी के भाई से पूछताछ…ब्राउन शुगर केस में हिरासत, कांग्रेस ने बताया राजनीतिक बदले की कार्रवाई
इंदौर में ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी (कुलभूषण पटवारी) को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर और एक एसयूवी जब्त की है।
डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि वे ब्राउन शुगर की खेप नाना पटवारी और मानव गंगवानी तक पहुंचाने जा रहे थे। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नाना पटवारी और मानव गंगवानी को देर रात छोड़ दिया गया। हालांकि तकनीकी साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड और पैसों के लेन-देन की जांच जारी है। जरूरत पड़ने पर दोनों को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। पुलिस ने यह भी बताया कि नाना पटवारी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट सहित कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पूरे मामले को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उनके परिवार को निशाना बना रही है और उनके भाई को बिना नोटिस झूठे मामले में हिरासत में लिया गया। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस तरह के दबाव से डरने वाली नहीं है और कानूनी व राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी।
Exit mobile version