भोपाल के बड़े तालाब में शुरू होगी ये चैंपियनशिप…लहरों से अटखेलियां करेंगे ‘पानी के खिलाड़ी’
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं का केंद्र बनने जा रही है। बड़े तालाब में 26 से 30 नवंबर तक 8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स एवं 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा भारतीय रोइंग संघ के तत्वावधान में आयोजित होगी।
8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स एवं 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे प्रतियोगिता का शुभारंभ
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के 23 राज्यों के लगभग 500 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सोमवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बड़े तालाब पहुँचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप समय पर पूरी की जाए ताकि देशभर से आने वाले खिलाड़ियों व अधिकारियों को उत्कृष्ट अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी तैयारियों, उपकरणों की उपलब्धता, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण क्षेत्र और रेस ट्रैक मार्किंग का विस्तृत अवलोकन किया।
सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे शुभारंभ
मंत्री सारंग ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 26 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। उन्होंने कहा कि बड़े तालाब के अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आयोजित यह इवेंट खिलाड़ियों और दर्शकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगा।
मध्यप्रदेश बन रहा वॉटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र
मंत्री सारंग ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के लगातार आयोजन से मध्यप्रदेश देश में एक प्रमुख वॉटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनता जा रहा है। बड़े तालाब का विस्तृत जल क्षेत्र और अनुकूल परिस्थितियाँ इसे देश के बेहतरीन रोइंग स्थल के रूप में स्थापित करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश वर्तमान में नेशनल रोइंग चैंपियन है, जो खिलाड़ियों की मेहनत और प्रदेश की खेल नीतियों की सफलता का परिणाम है। ऐसी प्रतियोगिताएँ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच प्रदान करती हैं।
विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप हों सभी व्यवस्थाएँ
मंत्री सारंग ने अधिकारियों को सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, जलपोत प्रबंधन, रेस ट्रैक मार्किंग, टेक्निकल टीम की तैनाती और दर्शक सुविधा जैसे सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।





