नई दिल्ली। भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन अब आम यात्रियों के लिए भी उपलब्ध हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 17 जुलाई को उद्घाटन के बाद यह अत्याधुनिक ट्रेन 19 जुलाई से नियमित रूप से यात्रियों को सेवा देगी। पहले इसे सप्ताह में छह दिन चलाने की योजना थी, लेकिन अब रेलवे ने इसे सप्ताह के सातों दिन संचालित करने का निर्णय लिया है।
यह देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन होगी, जिसे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। ट्रेन का संचालन हरियाणा के जींद–सोनीपत रेलखंड पर किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 74010 प्रतिदिन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 74009 सुबह 10:40 बजे सोनीपत से रवाना होकर दोपहर 1:00 बजे जींद पहुंचेगी।
यह हाइड्रोजन ट्रेन अपने सफर के दौरान 12 स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भांबेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंडराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना हरियाणा और बरवासनी स्टेशन शामिल हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली यह ट्रेन डीजल ट्रेनों की तुलना में पर्यावरण के लिए अधिक अनुकूल है। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। भविष्य में भारतीय रेलवे अन्य रूटों पर भी इस तकनीक का विस्तार करने की योजना बना रहा है।
हाइड्रोजन ट्रेन का नियमित संचालन भारत के रेल नेटवर्क में हरित ऊर्जा आधारित तकनीक के नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है। यह पहल न केवल आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि देश के नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।





