IND vs ENG 4th Test: क्या जसप्रीत बुमराह को मिलेगा आराम? मैनचेस्टर टेस्ट में टीम इंडिया में बड़े बदलाव संभव भारत को सीरीज में बने रहने के लिए जीत जरूरी, बुमराह-पंत की फिटनेस पर सस्पेंस
भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर है। फिलहाल भारत सीरीज में 1-2 से पीछे चल रहा है और 23 जुलाई से शुरू होने वाला चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारत के लिए करो या मरो जैसा है, क्योंकि यदि टीम यहां हार जाती है तो सीरीज भी हाथ से निकल सकती है। इसी दबाव भरे माहौल में यह सवाल उठ रहा है कि क्या भारत के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह इस मैच में खेलेंगे या आराम करेंगे?
बुमराह का खेलना तय नहीं
बुमराह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वह पहले ही वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत सीरीज के सभी मैच नहीं खेलने वाले थे। अब तक उन्होंने दो टेस्ट (लीड्स और लॉर्ड्स) खेले हैं, जिसमें उन्होंने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए दोनों में पारी में पांच-पांच विकेट लिए हैं। ऐसे में संभावना है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें आखिरी और निर्णायक टेस्ट के लिए बचाकर रखना चाहेगा, जो 31 जुलाई से लंदन के ओवल में होगा। हालांकि, स्काई स्पोर्ट्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चौथा टेस्ट निर्णायक होने की वजह से बुमराह को उतारा जा सकता है।
ऋषभ पंत और अन्य बदलाव
विकेटकीपर ऋषभ पंत की फिटनेस भी टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। लॉर्ड्स टेस्ट में उंगली में चोट लगने के बाद उन्होंने सिर्फ 34 ओवर ही विकेटकीपिंग की थी। उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने कीपिंग की थी, और मैनचेस्टर टेस्ट में जुरेल के ही खेलने की संभावना है। साथ ही, करुण नायर को भी चौथे टेस्ट में मौका नहीं मिलने की खबर है। संभावित प्लेइंग इलेवन में कई नए चेहरे दिखाई दे सकते हैं, जिनमें साई सुदर्शन, नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और अर्शदीप सिंह जैसे युवा खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।





