भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले पर संकट के बादल छा गए हैं। एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। चार विधि छात्रों ने यह याचिका दायर करते हुए कहा है कि मौजूदा हालात में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना शहीदों की कुर्बानी और देश की गरिमा के खिलाफ है।
छात्रों की याचिका में क्या कहा गया?
याचिका में दलील दी गई है कि क्रिकेट केवल खेल नहीं बल्कि दो देशों के बीच सौहार्द और विश्वास का प्रतीक होता है। लेकिन हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद जब हमारे सैनिकों ने अपनी जान की बाजी लगाई, उस समय पाकिस्तान के खिलाफ खेलना गलत संदेश देता है। छात्रों का कहना है कि आतंकवाद को पनाह देने वाले मुल्क के साथ क्रिकेट खेलकर हम शहीदों के बलिदान को अनदेखा कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
चारों छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की है कि भारत-पाकिस्तान का यह मुकाबला रद्द किया जाए। उनका कहना है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक उसके साथ किसी भी तरह का खेल आयोजन नहीं होना चाहिए। अदालत अब इस याचिका पर सुनवाई करेगी।
कब और कहां होना है मैच?
14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमें एशिया कप 2025 के ग्रुप-ए में हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह पहली बार होगा जब दोनों देश किसी बड़े टूर्नामेंट में भिड़ेंगे। भारत सरकार पहले ही पाकिस्तान के साथ किसी भी द्विपक्षीय सीरीज पर रोक लगा चुकी है।
भारत का दमदार आगाज
भारत ने एशिया कप 2025 की शुरुआत शानदार जीत से की। यूएई को 93 गेंद और 9 विकेट से हराकर टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई की टीम 57 रन पर सिमट गई। कुलदीप यादव ने 4 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने महज 27 गेंद में 1 विकेट खोकर 60 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।




