सानलीथुन चीन की राजधानी पेइचिंग में स्थित है, जो हलचल भरा व्यावसायिक इलाका है और
युवाओं, विश्व प्रसिद्ध ब्रांडों और देसी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करता है।
पेइचिंग में रहने वाले और अन्य क्षेत्रों से आए युवाओं के लिए सानलीथुन लंबे समय से लोगों
से मिलने-जुलने और खुद को दिखाने की जगह रही है। आज यह मशहूर इलाका फैशन और खरीददारी
से आगे बढ़कर व्यापार, समुदाय, संस्कृति और वैश्विक युवा आदान-प्रदान को एक साथ ला रहा है।
यह बदलाव इसकी सड़कों पर साफ दिखाई देता है।
वर्ष 2022 से सैनलीथुन में सड़कों के निर्माण में सुधार किया गया। अब पैदल चलने वालों के
लिए खास व्यवस्था से लोगों को आराम से चलने, बैठने और रुकने के लिए ज़्यादा जगह मिलती है।
इससे सड़कें सिर्फ़ एक जगह से दूसरी जगह जाने का रास्ता नहीं, बल्कि अनुभव का हिस्सा बन गई हैं।
यह बदलाव इस इलाके के लैंडमार्क और सार्वजनिक स्थान में भी दिखता है। इसका उद्देश्य
कारोबार और दैनिक जीवन का मिश्रण बढ़ाना है। पास में दूतावास और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय होने
की वजह से सानलीथुन में अंतर्राष्ट्रीय विशेषता दिखाई देती है। आंकड़ों के अनुसार यहां 30
हजार से ज़्यादा लोग काम करते हैं और दुनिया भर से रोज़ाना लगभग 70 हजार लोग आते हैं।
इसलिए सानलीथुन स्वाभाविक रूप से अंतर्राष्ट्रीय आदान-प्रदान की जगह है। वैश्विक प्रतिभाओं
को सानलीथुन में आवाजाही करने और सहयोग करने का मौका मिलता है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





