2027, यानी देश की सियासत के लिए अगला बड़ा इम्तिहान, सात राज्यों में विधानसभा चुनाव होंगे। इन चुनावों में पहली बार एक ऐसा वोट बैंक निर्णायक भूमिका में दिखाई दे सकता है, जिसे अब तक चुनावी रणनीति में सिर्फ युवा वोटर कहकर देखा जाता था ,लेकिन आंकड़े बता रहे हैं कि जेन-जी वोटर अब सिर्फ संख्या नहीं, बल्कि कई सीटों पर जीत-हार की चाबी बन सकता है। सात राज्यों की 940 विधानसभा सीटों में करीब 257 सीटों पर पिछली बार जीत का अंतर 5 फीसदी से कम रहा। यानी एक छोटा सा वोट स्विंग भी बड़ा राजनीतिक उलटफेर कर सकता है।
- सवाल है—2027 में युवा वोटर किसके साथ जाएगा?
- 940 सीटों का महासंग्राम, 257 पर कांटे की टक्कर
- 2027… सात राज्यों की सियासी तस्वीर बदलने वाला साल…
- उत्तर प्रदेश, गुजरात,पंजाब,उत्तराखंड,हिमाचल प्रदेश, गोवा और मणिपुर
इन आंकड़ों के भीतर छिपी है चुनावी राजनीति की सबसे बड़ी कहानी। पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के मुताबिक इन सात राज्यों में करीब 257 सीटों पर जीत का अंतर 5 फीसदी से कम रहा। यानी करीब 27 फीसदी सीटें ऐसी हैं जहां कुछ प्रतिशत वोट इधर से उधर हुए तो चुनावी नतीजा बदल सकता है।
2027 विधानसभा चुनाव
सात राज्य…कुल 940 विधानसभा सीटें
257 सीटों पर जीत का अंतर 5% से कम
अब इस आंकड़े को करीब 22 फीसदी जेन-जी वोटर के साथ जोड़कर देखें तो तस्वीर और दिलचस्प हो जाती है। क्योंकि 18 से 29 साल की उम्र के ये मतदाता पहली बार या शुरुआती चुनावों में मतदान करने वाली उस पीढ़ी का हिस्सा हैं, जिसकी राजनीतिक प्राथमिकताएं तेजी से बदल रही हैं।
यूपी में 131 सीटें, जहां 5% वोट से पलट सकता है खेल
सबसे पहले बात उत्तर प्रदेश की , 403 विधानसभा सीटों वाला यूपी 2027 की पूरी चुनावी कहानी का सबसे बड़ा केंद्र होगा।
2022 के आंकड़ों को देखें तो बीजेपी ने 255 सीटें जीती थीं। समाजवादी पार्टी को 111 सीटें मिलीं। लेकिन सीटों की तस्वीर से ज्यादा महत्वपूर्ण है करीबी मुकाबलों का आंकड़ा, विश्लेषण के मुताबिक यूपी में 131 सीटों पर जीत का अंतर 5 फीसदी से कम था। यानी अकेले यूपी में ही इतनी सीटें हैं जहां मामूली वोट स्विंग बड़ा असर डाल सकता है।
उत्तर प्रदेश
कुल सीटें – 403
5% से कम मार्जिन वाली सीटें – 131
BJP – 255 सीट
SP – 111 सीट
अब जेन-जी वोटर को इस गणित में जोड़े तो युवा मतदाता अगर रोजगार, भर्ती परीक्षाओं, शिक्षा, पेपर लीक, महंगाई या सरकारी नौकरियों जैसे मुद्दों पर एक दिशा में मतदान करता है। यूपी की दर्जनों सीटों पर उसका असर दिखाई दे सकता है। यानी यूपी में युवा वोट सिर्फ वोट नहीं, सीटों का गणित है।
गुजरात में 27 सीटों पर 5% से कम का खेल
अब रुख गुजरात का करते हैं। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में बीजेपी ने 2022 में 156 सीटों के साथ शानदार प्रदर्शन किया था। कांग्रेस को 17 और अन्य को 9 सीटें मिली थीं। लेकिन करीबी मुकाबले की तस्वीर अलग कहानी बताती है। आंकड़ों के मुताबिक गुजरात में 27 सीटों पर जीत का अंतर 5 फीसदी से कम रहा।
गुजरात – 182 सीटें
5% से कम मार्जिन – 27 सीटें
BJP – 156
Congress – 17
Others – 9
यहां भी छोटा वोट स्विंग बड़ा असर डाल सकता है। युवा वोटर इस समीकरण में सबसे महत्वपूर्ण हो सकता है।
गुजरात जैसे औद्योगिक और कारोबारी राज्य में युवाओं के लिए रोजगार, स्किल, स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी और निजी क्षेत्र के अवसर बड़े मुद्दे हो सकते हैं। अगर युवा वोट में मामूली बदलाव भी होता है तो सीधा असर करीबी सीटों पर पड़ सकता है।
पंजाब में 24 सीटें, युवा वोटर पर नजर
अब बात पंजाब की करते हैं। 117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में 2022 में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की थी। 2022 में कांग्रेस को 18 सीटें मिलीं, लेकिन यहां भी करीब 24 सीटों पर जीत का अंतर 5 फीसदी से कम रहा।
पंजाब – 117 सीटें
5% से कम मार्जिन – 24 सीटें
AAP – 92
Congress – 18
पंजाब में सत्ता का बड़ा बहुमत होने के बावजूद कई सीटों पर मुकाबला बेहद करीबी था। युवा वोटर यहां भी निर्णायक हो सकता है। कृषि के साथ रोजगार, नशे का मुद्दा,विदेश जाने की चाह,, शिक्षा… सरकारी भर्ती और कारोबार ये ऐसे मुद्दे हैं जिन पर युवा मतदाताओं का रुख राजनीतिक दलों की रणनीति बदल सकता है। सवाल यही है—क्या 2027 में पंजाब का युवा वोट 2022 के समीकरण को दोहराएगा या नया राजनीतिक संदेश देगा?
देवभूमि उत्तराखंड में सिर्फ 15 सीटें, मगर मुकाबला बेहद अहम
उत्तराखंड की बात करें तो 70 विधानसभा सीटों वाले इस पहाड़ी राज्य में 2022 में बीजेपी ने 47 सीटें, कांग्रेस ने 19 सीटें जीती थीं। लेकिन करीबी मुकाबले का आंकड़ा भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। करीब 15 सीटें ऐसी थीं जहां जीत का अंतर 5 फीसदी से कम रहा।
उत्तराखंड – 70 सीटें
5% से कम मार्जिन – 15 सीटें
BJP – 47
Congress – 19
उत्तराखंड में युवाओं के लिए रोजगार और पलायन बड़े सवाल हैं। पहाड़ों से लगातार होने वाला पलायन सरकारी नौकरियां, पर्यटन, शिक्षा और स्थानीय रोजगार। अगर युवा मतदाता इन मुद्दों को चुनाव का केंद्र बनाता है तो करीबी सीटों पर इसका सीधा असर हो सकता है। यानी उत्तराखंड का चुनाव भी सिर्फ पारंपरिक वोट बैंक का मुकाबला नहीं होगा। यहां युवा मुद्दे सत्ता के समीकरण को प्रभावित कर सकते हैं।
हिमाचल, गोवा और मणिपुर में भी 5% का खेल
अब नजर बाकी तीन राज्यों पर तो हिमाचल प्रदेश, गोवा और मणिपुर शामिल हैं। छोटे विधानसभा क्षेत्रों और अपेक्षाकृत कम सीटों वाले इन राज्यों में कुछ सीटों पर मामूली वोट अंतर भी सरकार बनाने के समीकरण को प्रभावित कर सकता है। आंकड़ों के अनुसार हिमाचल की पिछली विधानसभा की करीबी सीटों और गोवा-मणिपुर के मुकाबलों को भी इसी नजर से देखा गया है। मणिपुर का आंकड़ा खास तौर पर ध्यान खींचता है। यहां पिछले चुनाव में करीब 48 फीसदी सीटों पर जीत का अंतर 5 फीसदी से कम बताया गया है।
मणिपुर में करीब 48% सीटों पर 5% से कम जीत का अंतर 12 मतलब साफ है जहां सीटें कम हैं, वहां कुछ सीटों पर वोट का मामूली बदलाव भी सरकार बनाने और गिराने की स्थिति पैदा कर सकता है। यहीं युवा वोटर की अहमियत और बढ़ जाती है।
22% जेन-जी वोटर, मुद्दे भी होंगे नए
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ये जेन-जी वोटर चाहता क्या है? रोजगार…सरकारी नौकरी…बेहतर शिक्षा…पेपर लीक से मुक्ति…महंगाई से राहत…डिजिटल अवसर…स्टार्टअप…स्किल डेवलपमेंट…और सबसे महत्वपूर्ण—भविष्य में आगे बढ़ने का भरोसा। यह पीढ़ी सोशल मीडिया पर सक्रिय है। राजनीतिक दलों के भाषणों से ज्यादा उनके काम और वादों की तुलना डिजिटल प्लेटफॉर्म पर करती है। इसलिए 2027 के चुनाव में सिर्फ रैली और पोस्टर नहीं, डिजिटल कैंपेन भी चुनावी रणनीति का बड़ा हथियार होगा।
जाति-धर्म के समीकरणों के बीच नया युवा फैक्टर
भारतीय चुनावों में जाति और धर्म के समीकरणों की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन जेन-जी एक ऐसा मतदाता समूह है जिसकी राजनीतिक पहचान सिर्फ जातीय या पारंपरिक वोट बैंक से तय हो—यह जरूरी नहीं। युवा मतदाता का अपना स्थानीय मुद्दा हो सकता है…
कहीं नौकरी…
कहीं परीक्षा…
कहीं महंगाई…
कहीं पलायन…
कहीं कानून-व्यवस्था…
यही वजह है कि राजनीतिक दलों को अब पुराने समीकरणों के साथ नए युवा समीकरण भी साधने होंगे।
5% वोट का स्विंग, बदल सकती है सरकार
अब इस पूरी कहानी का सबसे बड़ा गणित।
सात राज्यों में 940 सीटें
करीब 257 सीटों पर पिछली बार जीत का अंतर 5 फीसदी से कम, करीब 22 फीसदी जेन-जी वोटर। अगर इन करीबी सीटों पर सिर्फ 5 फीसदी के आसपास वोट स्विंग होता है तो कई सीटों के परिणाम बदल सकते हैं। जब कई सीटों के परिणाम एक साथ बदलते हैं तो सिर्फ विपक्षी उम्मीदवार नहीं बदलता , सरकार बदल सकती है। तो 2027 का चुनाव सिर्फ बीजेपी बनाम कांग्रेस, बीजेपी बनाम क्षेत्रीय दल या सत्ता बनाम विपक्ष की लड़ाई नहीं होगा। ये चुनाव एक और बड़े मुकाबले का गवाह बनेगा। पुराने वोट बैंक बनाम नया युवा वोटर।जाति-धर्म के पारंपरिक समीकरणों के बीच रोजगार, शिक्षा, नौकरी और भविष्य जैसे मुद्दे कितनी बड़ी भूमिका निभाएंगे। इसका फैसला आने वाले चुनावों में होगा। लेकिन आंकड़े अभी से चेतावनी दे रहे हैं 257 सीटों पर 5 फीसदी से कम का मार्जिन और करीब 22 फीसदी जेन-जी वोटर। यानी 2027 में कुछ प्रतिशत वोट इधर-उधर हुए तो सिर्फ सीट नहीं, कई राज्यों की सत्ता का समीकरण भी इधर से उधर हो सकता है। एक्सक्लूसिव डेटा स्टोरी—2027 की सियासत में युवा वोटर अब सिर्फ वोटर नहीं संभावित गेमचेंजर है। (प्रकाश कुमार पांडेय)





