Gold Price: सोने-चांदी के वायदा भाव में गिरावट, रिटेल बाजार में फिर भी महंगा सोना

Gold-Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों पर शुक्रवार को मुनाफावसूली का असर देखने को मिला। दो कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद वायदा बाजार में सोना 431 रुपये टूट गया। हालांकि, रिटेल बाजार में सोने की कीमत में मामूली बढ़त दर्ज की गई। ऐसे में निवेशकों के साथ-साथ शादी-ब्याह और खरीदारी की तैयारी कर रहे लोगों की नजर अब कीमती धातुओं के अगले रुख पर है।

सोने की कीमतों में लगातार तेजी के बाद शुक्रवार को ब्रेक लगा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना वायदा 431 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,344 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। बीते दो सत्रों में तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफा वसूली की, जिसका सीधा असर सोने के वायदा भाव पर दिखाई दिया।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिकी अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण नॉनफार्म पेरोल्स डेटा जारी होने से पहले निवेशक सतर्क नजर आए। अमेरिका में रोजगार के आंकड़े फेडरल रिजर्व की आगे की ब्याज दर नीति को लेकर संकेत दे सकते हैं। इसका असर डॉलर, बॉन्ड यील्ड और सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर पड़ता है।

रिटेल बाजार में सोना कितना महंगा?

वायदा बाजार में गिरावट के बावजूद रिटेल कीमतों में शुक्रवार को हल्की तेजी रही। 24 कैरेट सोना 1,56,670 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो पिछले दिन से 10 रुपये ज्यादा है। वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 1,43,610 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। इसमें भी 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई।

चांदी के भाव में भी गिरावट

सोने के साथ चांदी पर भी मुनाफावसूली का दबाव रहा। MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 749 रुपये गिरकर 2,41,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। दो दिन की तेजी के बाद चांदी में यह गिरावट देखने को मिली।

रिटेल बाजार में चांदी का भाव 2,499 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। यानी 100 ग्राम चांदी की कीमत 24,990 रुपये और 1 किलो चांदी का भाव 2,49,900 रुपये रहा।

वैश्विक बाजार में भी सोने की चाल सुस्त रही। अब बाजार की दिशा काफी हद तक अमेरिकी रोजगार आंकड़ों और उनसे निकलने वाले फेड के ब्याज दर संबंधी संकेतों पर निर्भर करेगी।

Exit mobile version