बीजेपी संगठन चुनाव पर पहलगाम आतंकी हमले का असर..फिलहाल वीडी शर्मा ही संभाले रहेंगे जिम्मेदारी..निगम मंडलों में नियुक्तियां भी अटकीं

बीजेपी में संगठन चुनाव की प्रक्रिया बहुत धीमी गति से चल रही है। बीजेपी में अब भी 26 राज्यों के संगठन चुनाव लंबित हैं। बता दें कम से कम आधे यानी 18 राज्यों के चुनाव होने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव घोषित होता है।ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर देश के 26 प्रदेशों में अब तक पार्टी प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव नहीं कर सकी है। जिसमें मध्यप्रदेश भी शामिल है। इस बीच जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश में जो ताजा हालात नजर आ रहे हैं। उससे लगता है बीजेपी के संगठन चुनाव की गति और धीमी हो सकती है।

मध्यप्रदेश में बीजेपी अध्यक्ष के नाम का ऐलान या इस पद के लिए दावेदार के नाम के ऐलान में थोड़ा समय और लगना तय माना जा रहा है। जिससे निगम और मंडलों की नियुक्ति के लिए भी दावेदारों को इंतजार करना पड़ सकता है। दरअसल मध्यप्रदेश में बीजेपी के नए प्रदेशाध्यक्ष का नाम के साथ ही निगम मंडलों में नियुक्ति पर चर्चा तेज हो गई थी। अब माना जा रहा है कि वीडी शर्मा ही प्रदेशाध्यक्ष बने रहेंगे।

फिलहाल जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से देश में अलग माहौल बना हुआ है। देशवासी पहलगाम आतंकी हमले का शिकार हुए लोगों की आत्मशांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इस माहौल में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष और 26 प्रदेशाध्यक्षों के नाम का एलान करने के मूड में नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले कुछ समय तक पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के नए नाम का ऐलान संभव नहीं हो सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की भी मंशा यही है कि पहले संगठन बने। उसके बाद ही प्रदेश के निगम मंडलों में नियुक्ति का ऐलान किया जाए।

आखिर कब होंगी निगम – मंडल में नियुक्तियां

दरअसल मध्य प्रदेश में निगम मंडल में नियुक्ति का इंतजार किया जा रहा है। 2023 में सरकार बनने के बाद से मुख्यमंत्री बनते ही डॉ.मोहन यादव ने सभी निगम मंडलों की नियुक्तियों को रद्द कर दिया था। उसके बाद से ही प्रदेश के सभी निगम और मंडलों में अध्यक्ष के पद खाली पड़े हैं। लोकसभा चुनाव 2024 तक तो बीजेपी के नेताओं ने सब्र रखा, लेकिन आम चुनाव पूरा होने के बाद से ही सभी के मन में सवाल उठने लगा है कि आखिर निगम मंडल में नियुक्तियां कब होंगी।

Exit mobile version