‘खोसला’ परिवार एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार है और इस बार परिवार में एक नए सदस्य का स्वागत होने जा रहा है। दिव्या खोसला आधिकारिक तौर पर ‘खोसला का घोसला 2’ की स्टारकास्ट का हिस्सा बन गई हैं। यह फिल्म बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कल्ट क्लासिक फिल्मों में से एक ‘खोसला का घोसला’ का बहुप्रतीक्षित सीक्वल है।
हाल ही में थ्रिलर फिल्म ‘सावी’ और कॉमेडी एंटरटेनर ‘एक चतुर नार’ में अपनी दमदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीतने वाली दिव्या अब ‘खोसला का घोसला 2’ की दुनिया में अपनी खास ऊर्जा और आकर्षण लेकर आने वाली हैं। उनकी एंट्री फिल्म की शानदार स्टारकास्ट में एक रोमांचक नया जुड़ाव मानी जा रही है।
दिव्या की फिल्म ‘सावी’ ने नेटफ्लिक्स पर 15 देशों में नंबर-1 स्थान हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता दर्ज की थी। वहीं, हाल ही में रिलीज हुई ‘एक चतुर नार’ में उनकी कॉमिक टाइमिंग और स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने खूब सराहा। इसी शानदार प्रतिक्रिया का असर यह रहा कि दिव्या IMDb की पॉपुलैरिटी रैंकिंग में भी नंबर-1 स्थान पर पहुंच गईं, जो दर्शकों के बीच उनकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
टी-सीरीज फिल्म्स और तांडव फिल्म्स द्वारा निर्मित ‘खोसला का घोसला 2’ एक बार फिर आइकॉनिक खोसला परिवार को दर्शकों के सामने लेकर आ रही है। फिल्म में पहले भाग की तरह हास्य, भावनाएं और पारिवारिक अफरा-तफरी का वही मनोरंजक अंदाज देखने को मिलेगा, जिसने पहली फिल्म को फैन फेवरेट बना दिया था।
फिल्म में एक बार फिर मूल कलाकार अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, प्रवीण डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा अपनी भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, दिव्या खोसला के अलावा रवि किशन, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया और दानिश इकबाल जैसे नए कलाकार भी इस लोकप्रिय फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा बने हैं, जो कहानी में नई ताजगी और नया रंग भरेंगे।
फिल्म में नए कलाकारों के शामिल होने पर निर्माता सविता ने कहा, “इस बार खोसला परिवार में दो नए सदस्य जुड़े हैं—दिव्या खोसला और रवि किशन जी। इन दोनों ने पूरी टीम को अपनी परफॉर्मेंस से चौंका दिया है और मुझे पूरा विश्वास है कि दर्शकों का भी भरपूर मनोरंजन करेंगे। पिछले कुछ समय में दिव्या खोसला और रवि किशन ने अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में जिस तरह का काम किया है, उसने मुझे बेहद प्रभावित किया है। हमें खुशी है कि दुरंधर में दाऊद के किरदार से चर्चा में रहे दानिश इकबाल भी हमारी टीम का हिस्सा हैं। नई पीढ़ी के इन कलाकारों के साथ काम करने को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं और अब दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।”
मूल फिल्म की विरासत को आगे बढ़ाते हुए ‘खोसला का घोसला 2’ दर्शकों के लिए पारिवारिक अफरा-तफरी, जबरदस्त हास्य, कई मजेदार ट्विस्ट और दिल छू लेने वाले पलों से भरपूर एक नई कहानी लेकर आ रही है।




