‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ गाने के बीच भाषा और शब्दों पर बोले जावेद अख्तर… कहा- आज की पीढ़ी की शब्दावली हो रही सीमित, लेकिन साहित्य की ओर लौट रहे युवा
बॉलीवुड में इन दिनों सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के गाने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ को लेकर चर्चा गर्म है। सोशल मीडिया पर इस गाने को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इसी बीच मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने हिंदी फिल्मी गानों के गिरते स्तर पर अपनी चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि आज के गीतों में इस्तेमाल होने वाले शब्द समाज की घटती शब्द-संपदा को दर्शाते हैं। भाषा केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि अपने आप में एक कला है, लेकिन आज लोग भाषा और साहित्य पर पहले जितना ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शब्दों की दुनिया सिमट रही है!
बीबीसी के यूट्यूब चैनल पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम ‘म्यूजिक 91’ में जावेद अख्तर से हिंदी फिल्मी गानों की गुणवत्ता को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि फिल्मों और उनके संगीत को समाज से अलग करके नहीं देखा जा सकता। आज जेनरेशन-जी समेत लगभग हर उम्र के लोग अपने माता-पिता और दादा-दादी की तुलना में कम शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। लोगों की शब्द-संपदा लगातार सीमित होती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आज कितने लोग साहित्य और कविताएं पढ़ते हैं और अपनी भाषा को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं?
रचनात्मकता पर भारी पड़ रहा पैसा!
जावेद अख्तर ने समाज की बदलती सोच पर भी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि आज हर चीज को फायदे और नुकसान के नजरिये से देखा जाने लगा है। मुनाफे का अर्थ भी केवल बैंक में पैसा जमा होने और निकालने तक सीमित हो गया है। ऐसे माहौल में साहित्य, कला और रचनात्मकता के लिए जगह कम होती जा रही है। उनके मुताबिक भाषा को सिर्फ संवाद का जरिया समझना उसकी कलात्मक पहचान को नजरअंदाज करना है।
युवाओं से अब भी उम्मीद!
हालांकि, जावेद अख्तर आज की युवा पीढ़ी से निराश नहीं हैं। उनका मानना है कि युवा अब खुद साहित्य, भाषा और संस्कृति की ओर लौटने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए किसी और को श्रेय देने की जरूरत नहीं, क्योंकि युवा अपनी रुचि से इन चीजों को तलाश रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले 10 से 15 वर्षों में साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
सलमान ने भी बताया गाने का फिल्म से कनेक्शन
वहीं, सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ के गाने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ पर भी सवाल उठ रहे हैं। युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म में रोमांटिक गाने की जरूरत को लेकर दर्शकों ने सवाल किए थे। ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान ने इसका जवाब देते हुए कहा कि दर्शकों को फिल्म देखने के बाद समझ आएगा कि यह गाना कहानी में कैसे फिट बैठता है। उनके मुताबिक फिल्म में एक अधिकारी समेत कई सैनिक अपनी पत्नियों की तारीफ करते नजर आते हैं और इसी प्रसंग में यह गाना आता है। साजिद खान के संगीत और बोल से सजे इस गाने को सलमान खान ने मुस्कान के साथ आवाज दी है। फिल्म में चित्रांगदा सिंह समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। बड़ा सवाल यही है कि क्या हिंदी फिल्मी संगीत में शब्दों की खूबसूरती और साहित्यिक गहराई की जगह अब सिर्फ लोकप्रियता और बाजार ने ले ली है? जावेद अख्तर की टिप्पणी ने संगीत और भाषा की गुणवत्ता पर एक नई बहस छेड़ दी है।