सिंधिया के गढ़ में गरजेंगे राहुल,एमपी की 7 लोकसभा सीटों और 54 विधानसभा क्षेत्र करेंगे कवर

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रुख अब मध्य प्रदेश की ओर है। यह यात्रा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर से शुरू होगी। मध्य प्रदेश में ये यात्रा पांच दिन रहेगी।

मुरैना से शुरू होकर ग्वालियर, शिवपुरी और गुना के बाद राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन होते हुए रतलाम के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी की यात्रा 2 से 6 मार्च तक मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल ही नहीं मालवा संभाग को भी कवर करेगी। उनकी भारत जोड़ो यात्रा 7 लोकसभा को कवर करते हुए गुजरेगी। राहुल गांधी 6 मार्च तक मध्य प्रदेश में रहेंगे। इस दौरान 3 मार्च को ग्वालियर में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे और इसी दिन ही वे शिवपुरी में आदिवासी समाज के साथ बातचीत करेंगे। इसके अगले दिन चार मार्च को राजगढ़ के ब्यावरा में खाट पर किसानों के साथ चर्चा करेंगे।

उज्जैन में करेंगे बाबा महाकाल के दर्शन

राहुल गांधी पांच मार्च को उज्जैन में बाबा महाकाल के मंदिर जाकर दर्शन करेंगे। इसी दिन वे मध्यप्रदेश के पटवारी अभ्यर्थियों से संवाद करेंगे। राहुल गांधी मध्य प्रदेश में न्याय यात्रा के जरिए 7 लोकसभा और 54 विधानसभा सीटों को साधने की कोशिश की जाएगी। लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की इस यात्रा को काफी अहम बता रही है। कांग्रेस को उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव में इसका लाभ मिलेगा। हालांकि राजनीति के जानकारों का मानना है कि चुनाव नजदीक होने की वजह से राहुल गांधी का यात्रा में व्यस्त रहना कांग्रेस के लिए नुकसान का सौदा है। पार्टी ने यात्रा का समय गलत चुना है जहां एक ओर सत्ता पक्ष अपनी कड़ी रणनीति बनाने में जुटा है। वहीं कांग्रेस आलाकमान यात्रा में व्यस्त है। इससे कहीं न कहीं पार्टी को नुकसान हो सकता है।

कांग्रेस नेताओं ने ग्वालियर चंबल अंचल में डेरा डाला

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने ग्वालियर चंबल अंचल में डेरा डाल रखा है। पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के साथ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस के कई छोटे-बड़े नेता और पदाधिकारी इस यात्रा में शामिल हैं। मप्र कांग्रेस कमेटी ने यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर कई कमेटियां भी बनाईं हैं। जिनका प्रभार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दिया गया है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा मप्र में पांच दिन में रहेगी। इस दौरान मध्य प्रदेश की सात लोकसभा सीट और नौ जिले के साथ 54 विधानसभा क्षेत्र को यात्रा कवर करेगी। लोकसभा चुनाव की दृष्टि से पार्टी सांसद राहुल गांधी की इस यात्रा को एमपी में कांग्रेस खासी महत्वपूर्ण मान रही है। राहुल गांधी यात्रा के जरिए मुरैना के बाद ग्वालियर और रतलाम होते हुए देवास, गुना इसके बाद राजगढ़ और अंत में उज्जैन सीटों को कवर करेंगे।

15 राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा

पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों में 6 हजार 700 किलोमीटर का दूरी तय करने के बाद मुंबई में समाप्त होगी। इससे पहले यह भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों से होकर गुजर चुकी है।

Exit mobile version