सुराबाया/बीजिंग। चीन और इंडोनेशिया के बीच समुद्री सहयोग को नई मजबूती देने की दिशा में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) नौसेना का युद्धपोत बेड़ा इंडोनेशिया के सुराबाया स्थित तंजुंग पेराक बंदरगाह पहुंच गया है। स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह पहुंचे इस बेड़े में युद्धपोत छीचीकुआंग (83) और खुनलुनशान शामिल हैं। यह बेड़ा दूर समुद्री क्षेत्रों में प्रशिक्षण और मैत्रीपूर्ण मिशन के तहत चार दिवसीय यात्रा पर है।
बंदरगाह पर चीनी महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों, इंडोनेशियाई नौसेना के प्रतिनिधियों, स्थानीय चीनी समुदाय, छात्रों और उद्यमियों ने जहाजी बेड़े का स्वागत किया। यात्रा के दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के अधिकारी एक-दूसरे के युद्धपोतों का दौरा करेंगे तथा खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों समेत कई मैत्रीपूर्ण गतिविधियों में भाग लेंगे।
चीनी नौसेना की ओर से एक विशेष डेक रिसेप्शन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें इंडोनेशियाई सैन्य अधिकारी, स्थानीय नागरिक और प्रवासी चीनी समुदाय के लोगों को युद्धपोतों का अवलोकन करने का अवसर मिलेगा। बेड़े के अधिकारी कुओ पाइश्योंग ने कहा कि युद्धपोत केवल सैन्य शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि शांति, सहयोग और मित्रता का संदेश लेकर चलने वाला माध्यम भी है। वहीं इंडोनेशिया में अध्ययनरत चीनी छात्र छन शिंगचुओ ने पहली बार युद्धपोत पर चढ़ने के अनुभव को गर्व का क्षण बताया। चार दिवसीय यात्रा के समापन पर दोनों देशों की नौसेनाएं संयुक्त समुद्री अभ्यास भी करेंगी, जिसे क्षेत्रीय समुद्री सहयोग और आपसी विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





