12 अक्तूबर को चीनी शिक्षा अंतर्राष्ट्रीय आदान-प्रदान संघ से मिली जानकारी के अनुसार, ‘नई
यात्रा का शुभारंभ: एक-दूसरे से मिलना, साझा भविष्य की ओर’ विषय पर चीन-अमेरिका युवा
आदान-प्रदान कार्यक्रम 12 से 14 अक्तूबर तक पेइचिंग में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम
में चीन और अमेरिका के 200 छात्र शामिल होंगे। वे विभिन्न स्थलों के दौरे और गोलमेज चर्चा के
जरिए एक-दूसरे से सीधे संवाद करेंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के युवाओं के बीच आपसी समझ
और दोस्ती को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के तहत दोनों देशों के युवा चार प्रमुख विषयों पर चर्चा करेंगे। इनमें उद्योग क्षेत्र में
बदलाव व सहअस्तित्व, जनजीवन में प्रशासन व संवेदनशीलता, प्रौद्योगिकी में नवाचार व
जिम्मेदारी तथा सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और उसका नया स्वरूप शामिल हैं। इन विषयों को
बेहतर ढंग से समझने के लिए युवा चोंगकुआनछुन राष्ट्रीय स्वतंत्र नवाचार प्रदर्शन केंद्र, पेइचिंग
शहरी नियोजन प्रदर्शनी भवन, नए छिंगहुआ हॉल और चीन के राष्ट्रीय संग्रहालय का दौरा करेंगे।
इस दौरान वे विभिन्न क्षेत्रों में चीन के अनुभवों को करीब से जानेंगे और आपसी संवाद के जरिए
अपने विचार साझा करेंगे।
इसके अलावा, कार्यक्रम में चीन-अमेरिका युवा गोलमेज मंच भी आयोजित किया जाएगा। इसमें
कहानियों के माध्यम से मौजूदा आदान-प्रदान कार्यक्रम की झलक पेश की जाएगी। साथ ही, हाल के
वर्षों में अमेरिकी युवाओं के चीन में अल्पकालिक और दीर्घकालिक आदान-प्रदान व अध्ययन से
हासिल सकारात्मक नतीजों को भी सामने रखा जाएगा। इससे दोनों देशों के युवाओं के बीच संवाद
और सहयोग की संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।
इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन चीनी शिक्षा अंतर्राष्ट्रीय आदान-प्रदान संघ और पेइचिंग
विश्वविद्यालय ने किया है। इसका उद्देश्य चीन की उस पहल को आगे बढ़ाना है, जिसके तहत
अगले पांच वर्षों में एक लाख अमेरिकी युवाओं को आदान-प्रदान और अध्ययन के लिए चीन
आमंत्रित किया जाएगा। इसके जरिए दोनों देशों के युवाओं के बीच दोतरफा संपर्क और संवाद को
बढ़ावा देने के साथ-साथ चीन-अमेरिका मैत्री को मजबूत करने के प्रयासों में युवाओं की भागीदारी
बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)