चीन का अनुसंधान एवं विकास खर्च 39 खरब युआन के पार

चीन का अनुसंधान एवं विकास खर्च 39 खरब युआन के पार

16 अक्टूबर को चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार, साल 2025 में चीन
का अनुसंधान एवं विकास (R&D) पर कुल खर्च 39 खरब युआन से अधिक रहा। यह 2024 के
मुकाबले 8.2 प्रतिशत ज्यादा है। इससे चीन में अनुसंधान और विकास पर लगातार बढ़ते निवेश का
पता चलता है।
आंकड़ों के मुताबिक, 14वीं पंचवर्षीय योजना (2021-2025) के दौरान चीन के R&D खर्च में हर
साल औसतन 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जो दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है।
कुल खर्च के मामले में चीन दुनिया में दूसरे स्थान पर है और अमेरिका के बाद आता है। चीन का
R&D खर्च तीसरे स्थान पर मौजूद जर्मनी से 3.4 गुना और चौथे स्थान पर मौजूद जापान से 3.5
गुना अधिक है।
वहीं, सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के मुकाबले R&D खर्च के अनुपात को देखें, तो साल 2025 में
चीन की R&D निवेश तीव्रता 2.80 प्रतिशत रही। यह साल 2024 की तुलना में 0.11 प्रतिशत अंक
अधिक है। इस मामले में चीन दुनिया में 12वें स्थान पर रहा और पहली बार आर्थिक सहयोग एवं
विकास संगठन (OECD) के सदस्य देशों के औसत स्तर से आगे निकल गया।
इस निवेश में कंपनियों की भूमिका भी लगातार मजबूत हो रही है। साल 2025 में उद्यमों का R&D
खर्च पहली बार 30 खरब युआन से अधिक हो गया, जो देश के कुल R&D खर्च का 77.4 प्रतिशत है।
यह लगातार चौथा वर्ष है, जब कुल खर्च में कंपनियों की हिस्सेदारी 77 प्रतिशत से अधिक रही।
इसके अलावा, R&D खर्च में कुल बढ़ोतरी में कंपनियों का योगदान 73.7 प्रतिशत रहा। इससे स्पष्ट
है कि चीन में अनुसंधान और विकास पर बढ़ते निवेश के पीछे कंपनियां एक प्रमुख ताकत हैं।
इसी बीच, बुनियादी अनुसंधान पर खर्च में भी तेजी आई है। साल 2025 में इस क्षेत्र में निवेश की
वृद्धि दर, कुल R&D खर्च की वृद्धि दर से 5.1 प्रतिशत अंक अधिक रही। इस तरह बुनियादी
अनुसंधान पर खर्च में दोहरे अंकों की वृद्धि जारी रही। कुल निवेश के मामले में चीन बुनियादी
अनुसंधान के क्षेत्र में भी दुनिया में दूसरे स्थान पर है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version