25 नवंबर को, सीपीसी केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो के सदस्य और चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने
चीन की राजधानी पेइचिंग में नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन के साथ वार्ता की और चीन-
नीदरलैंड संबंधों और साझा चिंता के अन्य मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया।
दोनों पक्ष घनिष्ठ संचार बनाए रखने और 2014 में स्थापित खुली और व्यावहारिक व्यापक सहयोग
साझेदारी की भावना तथा 2025 में पहुंचे छह सूत्रीय समझौते के अनुरूप काम करने पर सहमत हुए।
दोनों पक्षों ने यह सहमति प्राप्त की कि वे 2027 में दोनों देशों के बीच राजदूत स्तर पर
राजनयिक संबंधों की स्थापना की 55वीं वर्षगांठ के अवसर पर व्यापार और अर्थव्यवस्था, जलवायु
और ऊर्जा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, कृषि, संस्कृति, चिकित्सा और स्वास्थ्य देखभाल, खेल और जल
संरक्षण जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को गहरा करेंगे, लोगों के बीच आदान-प्रदान का विस्तार
करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों के स्थिर विकास को बढ़ावा देंगे। नीदरलैंड ने एक-चीन नीति के प्रति
अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय आर्थिक और व्यापारिक संबंधों में अवसरों और चिंताओं पर चर्चा की, मौजूदा
चैनलों के माध्यम से सेमीकंडक्टर जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग पर घनिष्ठ संचार और आदान-प्रदान
बनाए रखने के महत्व को पहचाना और द्विपक्षीय निर्यात नियंत्रण संवाद के महत्व की पुष्टि की।
दोनों पक्ष विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) को केंद्र में रखते हुए बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली को कायम
रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं और मानते हैं कि डब्ल्यूटीओ में सार्थक, आवश्यक और व्यापक सुधार
अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। दोनों पक्ष नियम-आधारित, मुक्त और खुले अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निष्पक्ष
प्रतिस्पर्धा के महत्व पर बल देते हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





