चीन का अनाज उत्पादन लगातार दो साल से 70 करोड़ टन पार

चीन का वार्षिक अनाज उत्पादन लगातार दो वर्षों से 70 करोड़ टन से अधिक बना हुआ है। वहीं, देश
में प्रति व्यक्ति अनाज की उपलब्धता 500 किलोग्राम से ज्यादा हो गई है, जो वैश्विक औसत से
अधिक है। चीन ने अनाज के मामले में बुनियादी आत्मनिर्भरता और मुख्य खाद्य पदार्थों की आपूर्ति
में सुरक्षा हासिल कर ली है। इससे देश की खाद्य सुरक्षा की नींव लगातार मजबूत हो रही है।
यह जानकारी 16 अक्तूबर को पूर्वी चीन के आनहुई प्रांत की राजधानी हफ़ेई में आयोजित विश्व
खाद्य दिवस 2026 और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा प्रचार सप्ताह के मुख्य कार्यक्रम में दी गई। कार्यक्रम
में शामिल चीन के राष्ट्रीय खाद्य एवं रणनीतिक भंडार प्रशासन के निदेशक ल्यू हुआनशिन ने कहा
कि चीन दुनिया की लगभग एक-पांचवीं आबादी को भोजन उपलब्ध कराता है, जबकि उसके पास
दुनिया की कुल कृषि योग्य भूमि का 9 प्रतिशत से भी कम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह चीन के
विकास की एक बड़ी उपलब्धि है और वैश्विक खाद्य सुरक्षा बनाए रखने में भी उसका महत्वपूर्ण
योगदान है।

उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में चीन ने अनाज उत्पादन की अपनी कुल क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ
अनाज के वितरण तंत्र को भी मजबूत किया है। इसके अलावा, देश ने अनाज से जुड़े मानकों के
विकास और इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय आदान-प्रदान व सहयोग को भी बढ़ावा दिया है।
ल्यू हुआनशिन के मुताबिक, चीन ने अनाज की खरीद, भंडारण और नियमन के लिए एक व्यापक
व्यवस्था विकसित की है। यह व्यवस्था अनाज के उत्पादन से लेकर खरीद, भंडारण, प्रसंस्करण और
बिक्री तक की पूरी प्रक्रिया में तालमेल बनाए रखती है। इससे अनाज बाजार में स्थिरता बनाए रखने
के लिए मजबूत संस्थागत आधार मिला है।

उन्होंने आगे बताया कि खाद्य आपूर्ति की पूरी श्रृंखला को ध्यान में रखते हुए चीन ने अनाज और
तेल क्षेत्र में 400 से अधिक राष्ट्रीय मानक और 300 से अधिक औद्योगिक मानक तैयार कर जारी
किए हैं। इसके साथ ही, इस क्षेत्र में 70 अंतरराष्ट्रीय मानकों के निर्माण और संशोधन को भी बढ़ावा
दिया गया है, जिनमें से 10 मानक चीन के नेतृत्व में तैयार किए गए। इन मानकों से अंतरराष्ट्रीय
अनाज व्यापार को आसान बनाने और अनाज की बर्बादी व नुकसान कम करने में मदद मिल रही है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

 

 

 

Exit mobile version