क्रोएशिया के राष्ट्रपति ज़ोरान मिलानोविच ने शुक्रवार को राजधानी ज़ाग्रेब में चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान मिलानोविच ने वांग यी से चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग तक अपनी हार्दिक
शुभकामनाएं पहुंचाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दशकों में चीन में अभूतपूर्व
बदलाव आए हैं और आर्थिक एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई
हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि चीन का शांतिपूर्ण विकास किसी भी देश के लिए खतरा नहीं है। सभी
पक्षों को चीन के विकास को वस्तुनिष्ठ और तार्किक नजरिए से देखना चाहिए।
मिलानोविच ने कहा कि क्रोएशिया और चीन के बीच पारंपरिक मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और विभिन्न क्षेत्रों
में सहयोग के ठोस परिणाम सामने आए हैं। क्रोएशिया चीन के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व
देता है और विभिन्न स्तरों पर आदान-प्रदान तथा पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को आगे बढ़ाना
चाहता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्रोएशिया एक-चीन सिद्धांत का दृढ़ता से पालन करता है
और थाईवान को चीन का अभिन्न अंग मानता है।
वहीं, वांग यी ने मिलानोविच तक राष्ट्रपति शी चिनफिंग की शुभकामनाएं पहुंचाईं। उन्होंने चीन के
विकास को तार्किक, व्यावहारिक और मैत्रीपूर्ण नजरिए से देखने तथा लंबे समय से चीन-क्रोएशिया
मैत्री को बढ़ावा देने के लिए मिलानोविच की सराहना की।
वांग यी ने कहा कि चीन पांच हजार वर्षों की सभ्यता वाला एक पूर्वी देश है। चीन की शांतिप्रिय
परंपरा के कारण वह शक्तिशाली बनने के बाद दूसरे देशों पर प्रभुत्व स्थापित करने का रास्ता नहीं
अपनाएगा। इसके बजाय, चीन सभी देशों के साथ सहयोग और पारस्परिक लाभ पर आधारित संबंध
विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने ‘साझा भविष्य वाले मानव समुदाय’ के निर्माण का लक्ष्य
प्रस्तुत किया है। इसका उद्देश्य सभी देशों को मिलकर काम करने, साझा चुनौतियों का सामना
करने और मानवता के एकमात्र घर, पृथ्वी, की रक्षा करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
वांग यी ने कहा कि चीन क्रोएशिया के साथ अपने संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोण
से देखता है। चीन व्यापक साझेदारी के मौजूदा आधार पर दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत
बनाने के लिए तैयार है।
मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने चीन और यूरोपीय संघ (ईयू) के संबंधों पर भी विचारों का आदान-
प्रदान किया। वांग यी ने कहा कि चीन और यूरोपीय संघ के बीच मूलभूत हितों का कोई टकराव नहीं
है। दोनों पक्ष एक-दूसरे की सफलता में योगदान देकर साझा समृद्धि हासिल कर सकते हैं। उन्होंने
जोर देकर कहा कि चीन और यूरोपीय संघ साझेदार हैं, प्रतिद्वंद्वी नहीं। इसलिए, दोनों को टकराव
के बजाय सहयोग पर ध्यान देना चाहिए।
वांग यी ने कहा कि हाल में चीन-यूरोपीय संघ के व्यापार और निवेश परामर्श तंत्र के तहत हुई प्रगति
से पता चलता है कि संवाद और बातचीत के जरिए आपसी लाभ वाले समाधान निकाले जा सकते हैं।
मिलानोविच ने कहा कि क्रोएशिया यूरोपीय संघ का सदस्य है और उसकी साझा विदेश एवं सुरक्षा
नीति का पालन करता है। हालांकि, वह अपनी स्वतंत्रता बनाए रखने का भी प्रयास करता है। यूरोप
और चीन के बीच आर्थिक एवं व्यापारिक क्षेत्र में मौजूद कुछ मतभेदों पर उन्होंने चीन के दृष्टिकोण
से सहमति जताई।
उनके अनुसार, चीन की मजबूत प्रतिस्पर्धात्मकता का प्रमुख कारण उसकी कुशल और सुव्यवस्थित
उत्पादन व्यवस्था है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पक्ष संवाद के जरिए विकास के दौरान सामने
आने वाली समस्याओं का समाधान कर सकते हैं और ऐसा रास्ता निकाल सकते हैं, जो सभी पक्षों के
लिए स्वीकार्य हो।
अपनी क्रोएशिया यात्रा के दौरान वांग यी ने प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से भी मुलाकात की और
विदेश मंत्री गोर्डन ग्र्लिक राडमैन के साथ वार्ता की।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)