चीन के सीमा शुल्क महाप्रशासन ने 14 अक्तूबर को जारी आंकड़ों में बताया कि 2026 की पहली
तीन तिमाहियों में चीन का कुल आयात-निर्यात 399.4 खरब युआन रहा, जो पिछले साल की इसी
अवधि के मुकाबले 18.8 प्रतिशत अधिक है। विदेशी व्यापार में इस मजबूत वृद्धि से वैश्विक
आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिली है।
आंकड़ों के मुताबिक, इस साल की पहली तिमाही में चीन के आयात-निर्यात में पिछले साल की
इसी अवधि के मुकाबले 15.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। दूसरी तिमाही में यह दर बढ़कर 18.3
प्रतिशत और तीसरी तिमाही में 22.3 प्रतिशत हो गई। वहीं, मासिक आधार पर लगातार छह
महीनों तक दोहरे अंकों में वृद्धि दर्ज की गई। सितंबर में चीन का आयात-निर्यात 51.6 खरब
युआन रहा, जो पहली बार 50 खरब युआन के आंकड़े को पार कर गया।
इस बारे में सीमा शुल्क महाप्रशासन के उप प्रमुख वांग च्यून ने 14 अक्तूबर को राज्य परिषद के
सूचना कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पहली तीन तिमाहियों में चीन के विदेशी
व्यापार की वृद्धि दर पिछले पांच वर्षों की इसी अवधि में सबसे अधिक रही। तिमाही और मासिक
आंकड़े भी लगातार तेज होती वृद्धि का संकेत देते हैं। उन्होंने कहा कि हाल के अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों
के अनुसार, चीन के व्यापार में वृद्धि की रफ्तार प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे आगे है। साथ ही,
वैश्विक माल व्यापार में चीन पहले स्थान पर बना हुआ है।
विदेशी व्यापार में इस तेजी के साथ चीन ने अपने व्यापारिक साझेदारों का दायरा भी बढ़ाया है।
पहली तीन तिमाहियों में दुनिया के 180 से अधिक देशों और क्षेत्रों के साथ चीन के व्यापार में
वृद्धि दर्ज की गई। मुक्त व्यापार समझौते वाले साझेदारों के साथ चीन का आयात-निर्यात 195.5
खरब युआन रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि से 30 प्रतिशत अधिक है।
इसके अलावा, चीन के निर्यात में बुद्धिमान और हरित तकनीक से जुड़े उत्पादों की हिस्सेदारी भी
बढ़ रही है। इस दौरान एकीकृत सर्किट के निर्यात में 99.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, इलेक्ट्रिक
वाहन, लिथियम बैटरी और पवन ऊर्जा जनरेटर इकाइयों व उनके पुर्जों जैसे हरित उत्पादों के
निर्यात में क्रमशः 72.3 प्रतिशत, 36.4 प्रतिशत और 22.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)