तीसरी तिमाही में चीन की अर्थव्यवस्था में मजबूती, उपभोग और निवेश में बढ़ोतरी

11 अक्तूबर को चीन के राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग के राष्ट्रीय सूचना केंद्र से मिली जानकारी
के मुताबिक, 2026 की तीसरी तिमाही में उपभोग, विदेश व्यापार और निवेश से जुड़े कई प्रमुख
आंकड़ों में सकारात्मक रुझान देखने को मिला। इससे पता चलता है कि विभिन्न चुनौतियों के
बावजूद चीन की अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है। साथ ही, आर्थिक स्थिरता बनाए रखने और
विकास की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में भी प्रगति हो रही है।
उपभोग की बात करें तो, तीसरी तिमाही में ऑफलाइन भुगतान की कुल राशि पिछले साल की इसी
अवधि के मुकाबले 2.6 प्रतिशत बढ़ी। यह वृद्धि दूसरी तिमाही की तुलना में 0.7 प्रतिशत अंक
अधिक रही। वहीं, सितंबर में ऑफलाइन भुगतान की राशि सालाना आधार पर 3.1 प्रतिशत बढ़ी, जो
अगस्त के मुकाबले 0.5 प्रतिशत अंक अधिक है। खास बात यह है कि ऑफलाइन भुगतान में
लगातार तीन महीनों से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे बाजार में उपभोग गतिविधियों के धीरे-
धीरे मजबूत होने के संकेत मिलते हैं।
इसी तरह, विदेश व्यापार से जुड़े आंकड़े भी सकारात्मक तस्वीर पेश करते हैं। तीसरी तिमाही में
प्रमुख बंदरगाहों पर मालवाहक जहाजों के प्रस्थान और आगमन के भार में पिछले साल की इसी
अवधि के मुकाबले क्रमशः 43.1 प्रतिशत और 0.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। यह वृद्धि दूसरी
तिमाही की तुलना में क्रमशः 43.0 और 0.7 प्रतिशत अंक अधिक रही। सितंबर में इन दोनों आंकड़ों
में सालाना आधार पर क्रमशः 53.2 प्रतिशत और 4.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जटिल
अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद चीन का विदेश व्यापार सक्रिय बना हुआ है। ये आंकड़े वैश्विक
बाजार में चीन की व्यापारिक गतिविधियों और उसकी आर्थिक क्षमता का संकेत देते हैं।
निवेश के मोर्चे पर भी सकारात्मक रुझान देखने को मिला। सितंबर में देशभर में नए विशेष बांड
जारी करने की राशि पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 50.2 प्रतिशत बढ़ी। यह वृद्धि अगस्त
की तुलना में 43.6 प्रतिशत अंक अधिक रही। इसके अलावा, कंप्यूटिंग क्षमता, डेटा और नेटवर्क
जैसी नई बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के टेंडर की कुल राशि तीसरी तिमाही में सालाना
आधार पर 34.2 प्रतिशत बढ़ी। वहीं, पूंजी निवेश के आंकड़ों के अनुसार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई)
और मानवरूपी रोबोट जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में तीसरी तिमाही के दौरान निवेश की राशि पिछले
साल की इसी अवधि के मुकाबले 184.1 प्रतिशत बढ़ी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version