चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 13 अक्तूबर को राजधानी पेइचिंग स्थित जन वृहद भवन में
चीन की यात्रा पर आए बोत्सवाना के राष्ट्रपति डुमा बोको से भेंट की। दोनों नेताओं ने चीन-
बोत्सवाना संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने की घोषणा की।
मुलाकात में शी चिनफिंग ने कहा कि गत सत्तर के दशक में दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध
स्थापित होने से पहले ही बोत्सवाना ने संयुक्त राष्ट्र में चीन की वैध सीट बहाल करने के पक्ष में
मतदान किया था। आज दोनों देश आधुनिकीकरण के सपने को साकार करने की राह पर मिलकर
आगे बढ़ रहे हैं। चीन और बोत्सवाना की दोस्ती में नया अध्याय जुड़ा है। दोनों देशों को नए युग में
चीन-बोत्सवाना संबंधों को सही रास्ते पर ले जाना होगा, ताकि विश्व विकास और प्रगति में
योगदान दिया जा सके।
शी चिनफिंग ने कहा कि इस साल चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना की 105वीं वर्षगांठ है
और बोत्सवाना की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ भी है। दोनों देशों की सत्तारूढ़ दलों को सहयोग
मजबूत कर राष्ट्रीय शासन में अनुभव का आदान-प्रदान करना चाहिए। चीन बोत्सवाना को
अपनी राष्ट्रीय स्थिति के अनुकूल विकास का रास्ता अपनाने में समर्थन देता है और बोत्सवाना के
साथ डिजिटल अर्थव्यवस्था, कृषि व पशुपालन आदि क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करना चाहता
है।
वहीं, डुमा बोको ने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग के मजबूत नेतृत्व में चीन ने विश्व
विख्यात प्रगति की। बोत्सवाना चीन के साथ संबंधों पर बड़ा ध्यान देता है और दृढ़ता से
एक चीन की नीति पर कायम रहता है। बोत्सवाना चीन के साथ बेल्ट एंड रोड, उद्योग,
कृषि, खनन, नवाचार और डिजिटल बदलाव आदि में सहयोग मजबूत करना चाहता है, ताकि
द्विपक्षीय संबंधों में ज्यादा ठोस उपलब्धियां हासिल हो सकें।
मुलाकात के बाद दोनों राष्ट्रपति वैश्विक सुरक्षा पहल के कार्यान्वयन, बेल्ट एंड रोड के
समान निर्माण, हरित खनन, चिकित्सा व स्वास्थ्य और मानव संसाधन आदि क्षेत्रों में कई
सहयोग दस्तावेजों की हस्ताक्षर रस्म में उपस्थित हुए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





