बेटियों के सपनों को पंख: कन्या सुमंगला योजना से जन्म से स्नातक तक मजबूत हो रही नई पीढ़ी
‘आधी आबादी’ को सशक्त बनाने की पहल
उत्तर प्रदेश में बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एक मजबूत आधार बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना न सिर्फ आर्थिक मदद दे रही है, बल्कि समाज में बेटियों को लेकर सोच भी बदल रही है। आज यह योजना लाखों परिवारों के लिए भरोसे का नाम बन चुकी है, जहां बेटी का जन्म अब बोझ नहीं, बल्कि अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
योजना के तहत दी जाने वाली राशि छह अलग-अलग चरणों में वितरित की जाती है—
- जन्म के समय आर्थिक सहायता
- टीकाकरण पूर्ण होने पर
- स्कूल में प्रवेश के समय
- कक्षा 6 और 9 में पहुंचने पर
- और अंत में स्नातक या डिप्लोमा में प्रवेश पर
27 लाख बेटियों को मिला सीधा लाभ
सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 27 लाख से अधिक बालिकाएं इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं। वर्ष 2019 में शुरू हुई इस पहल के तहत 674 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। डीबीटी (Direct Benefit Transfer) प्रणाली के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई और पैसा सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचा। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बालिका के जीवन के हर महत्वपूर्ण चरण में उसका साथ देती है। जन्म से लेकर स्नातक में प्रवेश तक कुल ₹25,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि छह अलग-अलग चरणों में मिलती है, जिससे परिवारों को बेटी की पढ़ाई और देखभाल में आर्थिक सहयोग मिलता है। इससे बेटियों की शिक्षा बीच में छूटने की संभावना भी कम होती है। कन्या सुमंगला योजना का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना भी है। इस योजना से बालिकाओं की स्कूल में उपस्थिति बढ़ी है और उच्च शिक्षा की ओर उनका रुझान भी मजबूत हुआ है। अब ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी अपनी बेटियों को पढ़ाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ को मिला बल
यह योजना केंद्र सरकार की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ पहल के उद्देश्यों को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभा रही है। लिंगानुपात में सुधार, बाल विवाह में कमी और बेटियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में इसका प्रभाव साफ दिखाई दे रहा है। यह योजना सामाजिक सोच को बदलने का भी माध्यम बन रही है। योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को दिया जाता है जिनकी वार्षिक आय ₹3 लाख तक है और जो उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है। विशेष परिस्थितियों जैसे जुड़वा बच्चों या अनाथ बालिकाओं को गोद लेने के मामलों में सरकार ने नियमों में लचीलापन भी रखा है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिल सके।
इन चरणों के जरिए सरकार यह सुनिश्चित करती है कि बालिका की शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों पर लगातार ध्यान बना रहे। उत्तरप्रदेश में महिला सशक्तिकरण को लेकर यह योजना एक प्रभावी मॉडल के तौर पर बनकर उभर रही है। इस योजना से महिलाओं की न सिर्फ सामाजिक बल्कि आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।। परिवारों में बेटियों को बराबरी का दर्जा मिलने लगा है और वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ रही हैं। महिला कल्याण विभाग द्वारा इस योजना की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र लाभार्थियों का समय पर पंजीकरण हो और कोई भी बेटी योजना से वंचित न रह जाए। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए आवेदन और भुगतान की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। कन्या सुमंगला योजना ने यह साबित कर दिया है कि सही नीति और मजबूत इच्छाशक्ति से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। आज उत्तर प्रदेश में बेटियों को लेकर जो सकारात्मक माहौल बन रहा है, वह आने वाले समय में एक मजबूत और सशक्त समाज की नींव रखेगा।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की एक बड़ी पहल है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह योजना लाखों बेटियों के सपनों को साकार करने में मदद कर रही है। जन्म से लेकर शिक्षा तक का यह सहयोग आने वाली पीढ़ी को आत्मनिर्भर, शिक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।