iPhone Langar: चंडीगढ़ में अनोखा ‘iPhone लंगर’, 10 महिलाओं को मिला iPhone 17; ‘जय माता दी’ लिखने वालों का हुआ लकी ड्रॉ

चंडीगढ़ में iPhone 17 को लेकर जहां लोग दुकानों के बाहर लंबी कतारों में नजर आ रहे हैं, वहीं यहां इसे बांटने का एक अलग ही तरीका देखने को मिला। अमृतसर के कारोबारी राकेश त्रेहान उर्फ ‘राजा डी किंग’ ने अपने घर से ऑनलाइन लकी ड्रॉ के जरिए 10 महिलाओं को iPhone 17 देने का ऐलान किया। सार्वजनिक जगह पर कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद उन्होंने यह ड्रॉ मीडिया के सामने लाइव कराया। इसके लिए पहले से बनाए गए एक WhatsApp ग्रुप में शामिल महिलाओं को तय प्रक्रिया के तहत लकी ड्रॉ में शामिल किया गया।

‘जय माता दी’ लिखने की शर्त के बाद WhatsApp ग्रुप से चुने गए विजेता

राजा डी किंग ने बताया कि iPhone पाने के लिए महिलाओं को उनके WhatsApp ग्रुप में शामिल होना था। ग्रुप में रोजाना ‘जय माता दी’ लिखने वाली महिलाओं को स्थायी रूप से जोड़ा गया था। इसी ग्रुप के नामों को स्क्रीन पर चलाकर लकी ड्रॉ किया गया। स्क्रीन पर जिस नाम का चयन हुआ, उसे विजेता घोषित किया गया। ड्रॉ के दौरान कुछ पुरुषों के नाम भी सामने आए, लेकिन उन्हें चयन से बाहर कर दिया गया।

सार्वजनिक कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली तो घर से कराया गया पूरा लाइव ड्रॉ

राजा डी किंग ने पहले चंडीगढ़ में सार्वजनिक तौर पर iPhone लंगर लगाने की योजना बनाई थी। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी। अधिकारियों ने भीड़ बढ़ने पर अव्यवस्था और भगदड़ की आशंका जताई थी। इसके बाद राजा ने लोगों से अपने घर नहीं आने की अपील की और कार्यक्रम को ऑनलाइन तरीके से करने का फैसला किया।

राजा डी किंग ने आगे 2000 iPhone बांटने की बात कही

लकी ड्रॉ के दौरान राजा डी किंग ने कहा कि iPhone बांटने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कुल 2000 iPhone बांटने की बात कही है। उनका नाम इससे पहले भी अलग-अलग तरह के ‘लंगर’ आयोजनों के कारण चर्चा में रहा है। इनमें नकद राशि और दूसरी चीजें बांटने के कार्यक्रम शामिल हैं।

पहले पेट्रोल लंगर में भी उमड़ी थी बड़ी भीड़, बारिश के कारण कार्यक्रम हुआ था स्थगित

इससे पहले अगस्त में चंडीगढ़ में राजा डी किंग के पेट्रोल लंगर की भी चर्चा हुई थी। उस दौरान दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए 500 रुपये तथा चार पहिया वाहनों के लिए 1000 रुपये के पेट्रोल कूपन देने की बात कही गई थी। भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे, जिसके चलते कार्यक्रम को रोकना पड़ा था। अब iPhone लंगर के ऑनलाइन ड्रॉ ने एक बार फिर उन्हें चर्चा में ला दिया है।

 

 

 

Exit mobile version