उत्तराखंड के चमोली में यात्रियों से भरा एक वाहन 500-700 मीटर गहरी खाई गिरने से अबतक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इसमें 10 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ओवरलोड वाहन जोशीमठ ब्लॉक की उर्गम-पल्ला जखोला रोड पर अचानक से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस व प्रशासन ने शुक्रवार को रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था, जो आज सुबह तक जारी रहा।
वाहन की छत पर भी बैठे थे यात्री
जानकारी के मुताबिक, वाहन में करीब 16 लोग सवार थे, जिसमें 2-3 यात्री गाड़ी की छत पर बैठे हुए थे। हादसे के दौरान अपनी जान बचाने के लिए छत पर बैठे यात्री कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, इन्हें गंभीर चोटें आई हैं और इनका इलाज जारी है।
सीएम धामी ने घटना पर जताया शोक
चमोली की घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है। सीएम के निर्देश पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। वहीं दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देने के भी निर्देश दिए हैं।
अन्य मुख्य समाचार पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…