ब्रेकिंंग न्यूज अपडेट: दो नए चुनाव आयुक्तों का ऐलान 15 मार्च तक संभव,गुरुग्राम को PM देंगे आज द्वारका एक्सप्रेसवे की सौगात,कांग्रेस CEC की बैठक आज

breaking news

गुरुग्राम को प्रधानमंत्री मोदी देंगे आज द्वारका एक्सप्रेसवे की सौगात

लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले पीएम नरेन्द्र मोदी इन दिनों विकास की योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के काम को पूरा कर रहे हैं। इसी क्रम में पीएम मोदी आज 11 मार्च सोमवार को द्वारका एक्सप्रेसवे के बहुप्रतीक्षित गुरुग्राम सेक्शन का उद्घाटन करने जा रहे हैं। पीएम के इस कार्यक्रम के मद्देनजर दिल्ली ही नहीं गुरुग्राम में भी पुलिस ने ट्रैफिक एडवायजरी जारी करते हुए लोगों से कुछ जगह पर सड़कों से गुजरने से बचने की अपील की है।

लोकसभा चुनाव: कांग्रेस CEC की बैठक आज, दूसरी सूची पर होगा मंथन

कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति सीईसी ने पिछले दिनों लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। अब दूसरी सूची के लिए नामों पर मंथन किया जा रहा है। सीईसी की दूसरी बैठक आज सोमवार 11 मार्च को दिल्ली स्थिति पार्टी कार्यालय में रखी गई है। पार्टी सूत्रों की माने तो सीईसी की यह दूसरी बैठक आज शाम 6 बजे शुरू होगी। संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बैठक में सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी भाग ले सकते हैं। बताया जाता है दिल्ली के साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक और तमिलनाडु की लोकसभा सीटों पर सीईसी की बैठक में चर्चा की जाएगी।

दो नए चुनाव आयुक्तों का ऐलान 15 मार्च तक संभव

अरुण गोयल के रिजाइन के बाद चुनाव आयोग में इस वक्त चुनाव आयुक्तों के दो पद खाली हैं। सामने लोकसभा के चुनाव हैं, ऐसे में जल्द ही इन पदों पर नियुक्ति हो सकती है। इन पदों को भरे जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाले पैनल की बैठक 15 मार्च को शाम 6 बजे होगी। नियमानुसार चुनाव आयोग में एक मुख्य चुनाव आयुक्त यानी CEC के अतिरिक्त दो चुनाव आयुक्त होते हैं। लेकिन चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे पिछले माह फरवरी में सेवानिवृत्त हो गए थे तो अरुण गोयल ने इसी माह 9 मार्च को अचानक पद से इस्तीफा दे दिया। उनका ​इस्तीफा मंजूर भी कर लिया गया है। लिहाजा अब तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में इस समय महज CEC राजीव कुमार ही बचे हैं।

Exit mobile version