मिशन चंद्रयान के बाद अब सौर मिशन आदित्य एल 1 होगा लांच
चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक चंद्रयान 3 भेजने के बाद भारतीय वैज्ञानिकों की नजर सूरज पर है। अंतरिक्ष यान को सफलतापूर्वक उतारने के बाद इसरो की अगली ब्रह्मांडीय खोज में सूर्य का नंबर है। इसरो ने एलान किया है उसका पहला सौर मिशन जिसका नाम आदित्य-एल1 है उसे 2 सितंबर की सुबह करीब 11 बजकर 50 मिनट पर श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। आदित्य-एल1 सूर्य-पृथ्वी लैग्रेंज बिंदु एल1 पर एक दूरस्थ स्थान से सौर कोरोना का निरीक्षण करेगा। यह पृथ्वी से करीब 1.5 मिलियन किमी दूर है।
बाली में भूकंप,रिक्टर स्केल पर 7.0 रही तीव्रता
इंडोनेशिया में मंगलवार की सुबह एक बार फिर भूकंप के जोरदार झटके लगे हैं। जिनकी तीव्रता रिक्टर स्कैल पर करीब 7.0 मापी गई है। बता दें भूकंप के ये झटके इंडोनेशिया की राजधानी बाली में महसूस किए गए। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि वहां घर से लेकर तमाम चीजें हिल रहीं थीं। लोग अपने घरों से बाहर भागते दिखाई दिए। फिलहाल भूकंप के बाद हुए नुकसान की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।
जी-20 शिखर सम्मेलन में बाइडेन का आना तय,व्हाइट हाउस ने लगाई मुहर
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन अगले महीने भारत की यात्रा पर आने वाले हैं। वे यहां अगले माह में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में अपनी मौजूदगी दर्ज करायेंगे। व्हाइट हाउस ने इस पर एक बार फिर मुहर अपनी लगा दी है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन पियरे ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति बाइडन वैश्विक स्तर पर आर्थिक सहयोग के इस प्रमुख मंच के रूप में जी-20 के प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता की पुष्टि करेंगे। राष्ट्रपति बाइडेन जी-20 में वैश्विक मुद्दों से निपटने के लिए कई संयुक्त प्रयासों पर चर्चा भी करेंगे। वे जलवायु परिवर्तन से निपटने के साथ ही रुस यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के आर्थिक और सामाजिक प्रभावों को कम करने पर चर्चा करेंगे।
मणिपुर में हिंसक झड़प के बाद पहली बार विधानसभा सत्र
पिछले कई दिनों से लगातार हिंसा की आग में जल रहे मणिपुर में मंगलवार को पहली बार विधानसभा का सत्र बुलाया गया है। एक दिनी सत्र के दौरान सदन में जोरदार हंगामे के आसार हैं। वहीं कुकी समुदाय के दो मंत्रियों सहित 10 विधायकों ने सत्र का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। अपनी सुरक्षा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा वे सत्र में शामिल नहीं होंगे। हालांकि सीएम एन बीरेन सिंह ने सभी की पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।
सड़क पर दौड़ेगी 100 परसेंट इथेनॉल-ईंधन वाली कार,गडकरी करेंगे लॉन्च
अब देश की सड़कों पर 100 प्रतिशत एथेनॉल-ईंधन से चलने वाली कार फर्राटा भरती नजर आएंगी। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज 29 अगस्त को टोयोटा की इनोवा कार का अनावरण करेंगे जो 100 परसेंट इथेनॉल से चलेगी। बता दें वैकल्पिक ईंधन से चलने वाले और हरित वाहनों को प्रोत्साहित करने की दियाा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
1984 दंगा मामला,आज होगी टाइटलर के खिलाफ दिल्ली की कोर्ट में सुनवाई
राजधानी दिल्ली की एक अदालत में 1984 के सिख विरोधी दंगों में पुल बंगश हत्याकांड के आरोपी कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर के मामले पर आज मंगलवार को सुनवाई होगी। पिछली बार सुनवाई के दौरान वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये टाइटलर अदालत में पेश हुए थे। उस समय कोर्ट ने सीबीआई के मामले में आरोप पत्र समेत उन्हें सौंपे गए दस्तावेज की पड़ताल करने के लिए 10 दिन का समय दिया था। वहीं सीबीआई के लोक अभियोजक ने टाइटलर की ओर से दिए गए एक आवेदन पर जवाब दाखिल करने के लिए भी समय मांगा था। जिस पर अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट विधि गुप्ता आनंद ने सुनवाई के लिए आज 29 अगस्त की तारीख तय की थी।





