ब्रेकिंग न्यूज अपडेट: मिशन सूर्य आदित्य एल 1 की लॉचिंग आज,7 सितंबर को भारत आएंगे बाइडेन,एशिया कप में भारत-पाकिस्तान की भिंडत आज

breaking-plat-1-750x375

चंद्रयान 3 के बाद अब इसरो का मिशन सूर्य,आदित्य एल 1 की लॉचिंग आज

चंद्रयान 3 की सफलता के बाद अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो ने सूर्य की ओर कदम बढ़ाए हैं। अपने पहले सूर्य मिशन ‘आदित्य-एल1’ को लॉन्च करने को लेकर इसरो पूरी तरह से तैयार है। मिशन आदित्य एल 1 आज शनिवार दो सितंबर को 11 बजकर 50 मिनट पर श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। इसरो भारत के इस पहले सौर मिशन के जरिए सूर्य का अध्ययन करेगा। आदित्य एल1 पृथ्वी से करीब 15 लाख किमी की यात्रा पूरी करते हुए 125 दिनों में लैग्रेंजियन बिंदु एल1 के पास एक हेलो कक्षा में स्थापित होने की संभावना है। यह बिंदु सूर्य के सबसे करीब माना जाता है।

जो बाइडेन 7 सितंबर को आएंगे भारत,जी20 शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

जी20 विश्व नेताओं का शिखर सम्मेलन इसी माह 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहा है। शिखर सम्मेलन के दौरान भारत में विश्व नेताओं की सबसे बड़ी सभाओं में से एक होने की उम्मीद जताई जा रही है। बता दें भारत को 1 दिसंबर, 2022 को इंडोनेशिया से G20 की अध्यक्षता मिली थी। जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन भी भारत आ रहे हैं। शनिवार देर शाम व्हाइट हाउस ने सार्वजनिक की। जिसके मुताबिक बाइडन गुरुवार 7 सितंबर से भारत की यात्रा पर रहेंगे। वे आठ सितंबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

एशिया कप में चार साल बाद होगी भारत-पाकिस्तान की भिंडत

एशिया कप 2023 में आज शनिवार को श्रीलंका में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला श्रीलंका के पल्लेकेल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। बता दें भारत और पाकिस्तान एशिया कप में 17वीं बार एक-दूसरे के सामने होंगे। एशिया कप के पिछले 15 सीजन में टी20 और वनडे फॉर्मट को मिलाकर दोनों टीमों ने 16 बार एक दूसरे का सामना किया है। जिसमें से एक मौके पर साल 1997 में नतीजा नहीं निकल पाया था। शेष 15 मुकाबलों में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही।

राजस्थान में बीजेपी की सत्ता परिवर्तन यात्रा का आज आगाज

राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है। यहां सत्ता परिवर्तन के लिए बीजेपी की परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। जिसका शुभारंभ शनिवार 2 सितंबर से होगा। पहली परिवर्तन यात्रा को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा त्रिनेत्र गणेश मंदिर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा के शुभारंभ से पहले नड्डा त्रिनेत्र गणेश मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना के साथ यात्रा का आगाज होगा। बता दें बीजेपी इस माह प्रदेश में चार परिवर्तन यात्राएं निकालने जा रही है। यह यात्राएं पूर्व में त्रिनेत्र गणेश मंदिर सवाईमाधोपुर, पश्चिम में रामदेवरा जैसलमेर, उत्तर में गोगामेड़ी मंदिर हनुमानगढ़ औऱ दक्षिण में बेणेश्वरधाम डूंगरपुर से निकाली जाएंगी।

 

Exit mobile version