Union Budget 2023: आम बजट की राह देख रहे लोगों का इंतजार कुछ ही घंटों में खत्म हो जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कुछ घंटे बाद संसद में देश का आम बजट पेश करेंगी। निर्मला सीतारमण सुबह 8.40 में घर से निकलेंगी और औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद सुबह 11 बजे बजट पेश करेंगी। इससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट सत्र के दौरान इकोनॉमिक सर्वे पेश किया। इसमें वित्त वर्ष 2023-24 के लिए GDP ग्रोथ रेट 6.5% रहेगी, जो पिछले 3 साल में सबसे धीमी ग्रोथ होगी। साल 2021-22 में ग्रोथ रेट 8.7% थी। सर्वे में कहा गया है कि ईवी इंडस्ट्री 2022 से 2030 के बीच 5 करोड़ नौकरियां ला सकती हैं।
आसाराम को उम्रकैद
कथावाचक आसाराम की मुश्किलें बढ़ गयी हैं। गुजरात के गांधीनगर सेशन कोर्ट ने रेप के एक मामले में 81 वर्षीय आसाराम को उम्रकैद की सजा सुनाई है। वह 10 साल से जेल में ही बंद है और उसके खिलाफ 2013 में FIR दर्ज हुई थी। उसने अहमदाबाद के आश्रम में महिला से 2001 से 2006 तक कई बार रेप किया था, ऐसा एफआईआर में दर्ज है। मामले में आसाराम की पत्नी समेत 6 अन्य आरोपी थे, लेकिन 5 आरोपी सबूतों के बिना छूट गए।
आसाराम का असली नाम आशुमल हरपलानी है और उसका जन्म अप्रैल 1941 में सिंध, पाकिस्तान के बेरानी गांव में हुआ था। विभाजन के बाद उसका परिवार अहमदाबाद में बस गया था। 1972 ईस्वी में आसाराम ने मोटेरा गांव के पास साबरमती नदी के किनारे अपनी छोटी सी झोपड़ी बनाई। यह जगह अहमदाबाद से 10 किलोमीटर दूर है।
ऑस्ट्रेलिया में रेडियोएक्टिव कैप्सूल की खोज जारी
ऑस्ट्रेलिया में 12 जनवरी को खोए रेडियोएक्टिव कैप्सूल की जांच जारी है। इसको खोजने के लिए 1400 किमी के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह तब खोया जब इसे दूसरे कैप्सूल के साथ एक ट्रक में माइनिंग साइट से विस्थापित किया जा रहा था। इसकी लंबाई 8 मिलीमीटर और चौड़ाई 6 मिलीमीटर है। कैप्सूल के ज्यादा करीब जाने से गंभीर बीमारियों का खतरा है। सरकार ने अपील की है कि अगर कैप्सूल किसी को दिखता है तो उसे छूने से बचें, साथ ही स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी तुरंत दें।
जेठमलानी ने बीबीसी को बताया चीनी पैसा लेनेवाला
दिवंगत वकील और नेता राम जेठमलानी के बेटे महेश जेठमलानी ने बीबीसी पर गंभीर आरोप लगाया है। महेश जेठमलानी राज्यसभा सांसद और सीनियर एडवोकेट भी हैं। उन्होंने कहा है कि बीबीसी ने जो भारत विरोधी डॉक्यूमेंट्री बनाई है, उसके लिए चीनी कंपनी हुवेई से पैसा लिया है और वह चीनी एजेंडे को ही आगे बढ़ा रहा है। जेठमलानी ने BBC को भारत के खिलाफ लंबे समय से दुष्प्रचार फैलाने वाला भी करार दिया। बीबीसी ने द मोदी क्वेश्चन के नाम से दो खंड में एक डॉक्यूमेंट्री बनाई है। इसका पहला भाग 17 जनवरी को और दूसरा 24 जनवरी को रिलीज हुआ। इसमें गुजरात दंगों के लिए मोदी को जिम्मेदार बताया गया है।