भाजपा ने चुनिंदा दिग्गज नेताओं के लिए खोला दरवाजा: विरोधियों की बढ़ी चिंता, ये रही आगे की रणनीति

जमीनी पकड़ और बड़े वोट बैंक पर दखल रखते हैं भाजपा में शामिल हुए नेता

लोकसभा चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश की सभी सीटें जीतना है। इस लक्ष्य को पाने के लिए कहीं कोई चूक न हो, इसके लिए भाजपा फूंक फूंककर कदम रख रही है। जहां जैसा मौका मिलता है पार्टी किसी भी सूरत में उसे छोड़ती नहीं है। इधर विपक्ष लोकसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए नित नए दांव चल रहा है। साथ ही कुनबा बड़ा करने के लिए कई दलों को साथ लाने के लिए काम कर रहा है। भाजपा भी कम नहीं है उसने ऐसे कई दिग्गजों को हाल ही में भाजपा में शामिल किए जिनका न केवल जनाधार है बल्कि उनकी छवि और नाम पर ही वोट गिरते हैं। आइए जानते हैं उन नेताओं जिन्होंने हाल ही में भाजपा का दामन थामा है।

सबसे पहले बात करते हैं शालिनी यादव की

बीते लोकसभा चुनाव यानी 2019 में वाराणसी से शालिनी यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी ​के खिलाफ सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। शालिनी के ससुर श्यामलाल यादव कांग्रेस से सांसद और राज्यसभा के उपसभापति रह चुके हैं। आपने वर्ष 2019 में कांग्रेस का दामन छोड़कर समाजवादी पार्टी से टिकट लिया और पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर गईं। अब उन्होंने भाजपा का दामन थामकर पार्टी के प्रति आस्था जताई है। चॅूकि शालिनी यादव का पारिवारिक बैकग्राउंड पॉलिटिकल है इसलिए उनकी अपनी पहचान है और मतदाताओं के बीच उन्हेें बहुत ज्यादा मशक्कत नहीं करना पड़ेगी। इसलिए उम्मीद की जा सकती है कि भाजपा का इसका फायदा मिलेगा।

ये नेता हुए भाजपा में शामिल

राजधानी लखनऊ में भाजपा कार्यालय में एक समारोह आयोजित किया गया। जिसमें साहब सिंह,राजपाल सैनी,सुषमा पटेल,पूर्व सांसद अंशुल वर्मा,शालिनी यादव,पूर्व विधायक गुलाब सरोज और जगदीश सोनकर जैसे बड़े चेहरे भाजपा में शामिल हुए हैं। ये वो नेता है जिनकी अपने क्षेत्र और समाज में अच्छी पकड़ मानी जाती है। जानकारों की माने तो पश्चिमी उप्र में सैनी समाज का बड़ा वोट बैंक है जिस पर सभी दलों की नजर रहती है। ऐसे में भाजपा में शामिल हुए साहब सिंह सैनी और राजपाल सिंह सैनी का अच्छा खास प्रभाव सैनी समाज पर है। राजपाल सिंह सैनी राज्यसभा के सदस्य रहे चुके हैं और उन्होंने 2022 में खतौली से रालोद की टिकट पर चुनाव लड़ा था। इसी तरह पूर्वांचल में जौनपुर से मुंगराबादशाहपुर सीट से सपा का विधायक रही सुषमा पटेल कुर्मी समाज में दखल रखतीं हैं। इनका कुर्मी समाज में जनाधार माना जाता है। जिसका सीधा फायदा भाजपा को मिल सकता है। भाजपा में शामिल हुए जगदीश सोनकर चार बार विधायक रहे हैं पूर्वांचल में सोनकर समाज में इनका खासा दखल है।

इनकी रही मुख्य भूमिका

उत्तर प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी,डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी दलों के नेताओं को भाजपा में शामिल कर उन्हे सदस्यता ग्रहण कराई है। इन नेताओं ने कहा कि भाजपा की गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं से प्रभावित होकर इन नेताओं ने भाजपा पर भरोसा जताया है। उनका स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की भलाई के लिए हम सब मिलकर काम करेंगे।

Exit mobile version