नीतीश मॉडल से बदली गांवों की तस्वीर: समस्तीपुर में सबसे तेज, 2070 KM सड़कों से जुड़ा बिहार”
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीण विकास के मोर्चे पर बड़ी क्रांति देखी जा रही है। मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना MMGSUY के तहत राज्य के हजारों गांवों को पक्की और संपर्क वाली सड़कों से गांवों को जोड़ने का काम तेज़ी से चल रहा है। राज्य सरकार की माने तो बिहार में अब तक कुल 2070.179 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के निर्माण का काम पूरा किया जा चुका है। इस पर लगभग 1538 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा चुकी है।
- सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बदलती गांवों की तस्वीर
- ग्रामीण सड़कों के निर्माण में समस्तीपुर ने मारी बाजी
- मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना
- सड़कों का निर्माण तेजी से हो रहा है
- बनकर तैयार हुईं 2070 किमी से अधिक सड़कें
- 1538 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये गये
- समस्तीपुर और मधुबनी में सबसे ज्यादा हुआ काम
- MMGSUY के तहत राज्यभर में 2941.159 किमी सड़क निर्माण की लिी थी स्वीकृति
- अबतक 2070.179 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण पूरा
- योजना पर अब तक 1538.56 करोड़ रुपये से अधिक खर्च
नीतीश कुमार के नेतृत्व में गांवों की बदलती तस्वीर
सीएम नीतीश कुमार का स्पष्ट मानना है कि “गांवों की तरक्की के बिना राज्य की तरक्की अधूरी है।” इसी विचारधारा को आधार बनाकर मुख्यमंत्री ने सड़कों के माध्यम से ग्रामीण विकास की नींव को मजबूत किया है। MMGSUY न केवल एक निर्माण योजना है, बल्कि यह गांवों में सामाजिक और आर्थिक बदलाव की बड़ी मुहिम बन चुकी है।
समस्तीपुर और मधुबनी ने मारी बाज़ी
राज्यभर में जहां-जहां इस योजना के तहत कार्य हुआ है, वहां समस्तीपुर और मधुबनी ज़िलों ने सबसे तेज़ प्रगति की है। समस्तीपुर में अब तक 134.04 किमी सड़कों का निर्माण हो चुका है जिस पर 10195.96 लाख रुपये खर्च हुए हैं। मधुबनी ज़िले में 124.38 किमी सड़कें बनी हैं, जिन पर 10709.34 लाख रुपये की लागत आई है। इसके अलावा, दरभंगा (113.98 किमी), गया (108.41 किमी), पश्चिम चंपारण (88.86 किमी), भागलपुर (85.92 किमी), सीतामढ़ी (83.63 किमी), मुजफ्फरपुर (82.06 किमी), वैशाली (79.63 किमी), पूर्वी चंपारण (71.80 किमी), सारण (71.26 किमी) और कटिहार (70.85 किमी) में भी महत्वपूर्ण कार्य हो चुके हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि योजना का असर पूरे राज्य में व्यापक रूप से दिख रहा है, और यह केवल राजधानी तक सीमित नहीं है।
सड़कें बनीं बदलाव की रीढ़… गांवों से जुड़ी उम्मीदें
सड़कों का निर्माण केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था और जीवनशैली में भी बड़ा बदलाव लाता है। ग्रामीण इलाकों में सड़कें बनने के बाद वहां
कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचने में आसानी। स्कूलों व अस्पतालों तक बेहतर पहुंच। स्वास्थ्य सेवाओं की डिलीवरी में तेजी। नौकरी के अवसरों में इजाफा जैसे लाभ स्वतः सामने आने लगते हैं। इस योजना का असल उद्देश्य यही है कि गांव शहरों से जुड़ें — भौगोलिक रूप से भी और विकास के नजरिए से भी।
मुख्यमंत्री की रणनीति और प्रशासनिक दृढ़ता
नीतीश कुमार की प्रशासनिक दक्षता और ज़मीनी सोच इस योजना की सफलता की प्रमुख वजह मानी जा रही है। उन्होंने न केवल अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए, बल्कि स्वयं हर ज़िले की प्रगति रिपोर्ट पर नजर रखी। यही कारण है कि अधिकांश जिलों में तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा हुआ है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि “राज्य का कोई भी कोना सड़क और संपर्क सुविधा से वंचित न रहे,” और इसी को प्राथमिकता बनाकर कार्यों को धरातल पर उतारा गया है।
आगे की राह: पूर्ण ग्रामीण कनेक्टिविटी की ओर
योजना के तहत अब तक 2941.159 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति मिल चुकी है। इसका मतलब है कि अभी करीब 871 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य शेष है। राज्य सरकार की योजना है कि अगले 6 से 8 महीनों में शेष कार्य भी पूर्ण कर लिया जाए, ताकि हर पंचायत, टोला और गांव मुख्य सड़कों से पूरी तरह जुड़ जाए। इस योजना को ग्रामीण भारत के लिए ‘सड़कों के ज़रिए बदलाव’ की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। यदि इसी गति और पारदर्शिता से कार्य होता रहा, तो अगले विधानसभा चुनाव से पहले ही बिहार के गांवों की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी होगी।
गांवों की तरक्की से बिहार की रफ्तार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह रणनीति बिहार को केवल बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास में भी आगे ले जा रही है। समस्तीपुर जैसे जिले जहां पहले सड़कें गड्ढों से पहचानी जाती थीं, अब विकास की मिसाल बन रहे हैं। अगर विकास की यह रफ्तार बनी रही तो आने वाले वर्षों में बिहार देशभर में ग्रामीण कनेक्टिविटी का मॉडल राज्य बन सकता है — और यह सब संभव हो रहा है एक ठोस नेतृत्व और दीर्घदर्शी सोच के चलते। —-(प्रकाश कुमार पांडेय)





