भोपाल के रेल नेटवर्क को आज एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। करीब तीन साल के इंतजार के बाद निशातपुरा रेलवे स्टेशन से यात्री सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार शाम 5 बजे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे और मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर यात्री सेवाओं की औपचारिक शुरुआत करेंगे। शुरुआत में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव इसी स्टेशन पर होगा। रेलवे का मानना है कि इससे भोपाल जंक्शन पर बढ़ता यात्री दबाव काफी हद तक कम होगा।
भोपाल को मिला चौथा बड़ा रेलवे स्टेशन
निशातपुरा स्टेशन के शुरू होने के साथ ही भोपाल को चौथा प्रमुख रेलवे स्टेशन मिल जाएगा। अभी तक शहर में भोपाल जंक्शन, रानी कमलापति और संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन से प्रमुख यात्री सेवाएं संचालित होती थीं। अब निशातपुरा के जुड़ने से रेलवे संचालन का दायरा और मजबूत होगा।
रेलवे के अनुसार, भविष्य में इंदौर की दिशा में जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन भी चरणबद्ध तरीके से निशातपुरा स्टेशन से किया जाएगा। इससे ट्रेनों का बेहतर प्रबंधन होगा और मुख्य स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की उपलब्धता भी बढ़ेगी।
मालवा और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का रहेगा नियमित ठहराव
यात्री सेवाओं की शुरुआत के साथ ही मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर रहेगा। रेलवे से यह स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों ने पहले से इन ट्रेनों के लिए भोपाल स्टेशन से अपनी यात्रा की टिकट बुक कराई थी..अब उन्हें निशातपुरा रेलवे स्टेशन से ही अपनी यात्रा शुरु करना होगा, यानी ट्रेन यहीं पर से पकड़नी होगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले स्टेशन की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। रेलवे ने स्टेशन परिवर्तन की सूचना यात्रियों तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था भी की है।
तीन साल बाद खुला स्टेशन
निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण जून 2023 में पूरा हो गया था, लेकिन विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से यहां से यात्री सेवाएं शुरू नहीं हो सकी थीं। अब लगभग तीन वर्ष बाद स्टेशन पूरी तरह संचालन के लिए तैयार है। लोकार्पण से पहले स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्टेशन नरेला विधानसभा क्षेत्र में स्थित है और इसके आसपास बेहतर सड़क संपर्क विकसित किया जा रहा है। यहां पहले से कई फ्लाईओवर मौजूद हैं, जबकि एक नया फ्लाईओवर भी निर्माणाधीन है। इसके अलावा भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से निशातपुरा तक बनने वाला रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) भविष्य में कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा।
भोपाल स्टेशन का दबाव होगा कम, यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से भोपाल जंक्शन पर यात्रियों और ट्रेनों का दबाव काफी कम होगा। वर्तमान में भोपाल स्टेशन से प्रतिदिन करीब 230 ट्रेनों का संचालन होता है और लगभग 45 हजार यात्री यहां से आवाजाही करते हैं।
नए स्टेशन के संचालन से ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार, प्लेटफॉर्म पर भीड़ में कमी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। रेलवे इसे भोपाल के रेल बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहा है। आने वाले समय में यदि और ट्रेनों का संचालन निशातपुरा से शुरू होता है, तो यह स्टेशन राजधानी के प्रमुख रेल केंद्रों में शामिल हो जाएगा।